Rohtas News : घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए जरूरी सूचना है. इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने गैस एजेंसियों को 15 अगस्त तक सभी उपभोक्ताओं की शत-प्रतिशत e-KYC पूरी कराने का निर्देश दिया है. निर्धारित समय सीमा तक e-KYC नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को 16 अगस्त से घरेलू LPG सिलेंडर की जगह कॉमर्शियल दर पर सिलेंडर मिलने की बात कही गयी है. इसे लेकर कोचस भारत गैस ग्रामीण वितरक ने उपभोक्ताओं से जल्द e-KYC कराने की अपील की है.
e-KYC से होगा उपभोक्ताओं का सत्यापन
गैस वितरक के अनुसार, e-KYC का उद्देश्य LPG उपभोक्ताओं के रिकॉर्ड को अपडेट करने के साथ वास्तविक उपभोक्ताओं का सत्यापन सुनिश्चित करना है. उपभोक्ता गैस एजेंसी पर जाकर e-KYC करा सकते हैं. इसके अलावा घर बैठे पंजीकृत मोबाइल नंबर के माध्यम से संबंधित मोबाइल ऐप पर भी प्रक्रिया पूरी की जा सकती है.
तीनों कंपनियों के ऐप से सुविधा
इंडेन गैस उपभोक्ता Indane One, भारत गैस उपभोक्ता Hello BPCL और एचपी गैस उपभोक्ता HP Pay ऐप के जरिए e-KYC कर सकते हैं. इसके लिए पंजीकृत मोबाइल नंबर से लॉगिन कर आधार सत्यापन और फेस ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
15 अगस्त से पहले प्रक्रिया पूरी करने की अपील
कोचस भारत गैस ग्रामीण वितरक के प्रोपराइटर नागेश्वर कुमार सिंह ने बताया कि इंडियन ऑयल के निर्देशानुसार उपभोक्ताओं की e-KYC करायी जा रही है. उन्होंने जिन उपभोक्ताओं ने अब तक e-KYC नहीं कराया है, उनसे 15 अगस्त से पहले प्रक्रिया पूरी करने की अपील की, ताकि गैस वितरण में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.
