प्रतिनिधि, संझौली. रोहतास जिले के संझौली प्रखंड में ग्रामीणों को बेहतर बाजार सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल शुरू हो गई है. प्रखंड मनरेगा प्रोग्राम पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि भीबी-जी-रामजी सामुदायिक ग्रामीण हाट बाजार का निर्माण कराया जाएगा. इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
20 से 50 डिसमिल जमीन मिलने का इंतजार
प्रोग्राम पदाधिकारी ने बताया कि हाट बाजार के निर्माण के लिए अंचलाधिकारी की ओर से कम से कम 20 डिसमिल और अधिकतम 50 डिसमिल जमीन उपलब्ध कराई जानी है. जमीन उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य के लिए राशि प्राप्त होने के बाद काम शुरू कर दिया जाएगा.
जमीन उपलब्ध कराने का किया गया अनुरोध
अमरेंद्र कुमार ने बताया कि हाट बाजार निर्माण के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने को लेकर अंचलाधिकारी से अनुरोध किया गया है. भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी होते ही मनरेगा के माध्यम से निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा. इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र के किसानों, छोटे व्यापारियों और ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर बाजार सुविधा उपलब्ध होगी.
