रोहतास: कोचस में अतिक्रमण बना हादसों की वजह, किशोर की मौत के 96 घंटे बाद भी कार्रवाई नहीं, NH-319 और SH-17 पर जाम की समस्या बरकरार

कोचस नगर पंचायत क्षेत्र में अतिक्रमण के कारण सड़कें संकरी हो गई हैं, जिससे आए दिन जाम लग रहा है. राष्ट्रीय राजमार्ग-319 पर हुए सड़क हादसे के बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. इससे स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है.

Sasaram Bulldozer Action : कोचस नगर पंचायत क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-319 स्थित महात्मा गांधी चौक के समीप हुए सड़क हादसे में एक किशोर की मौत के 96 घंटे बाद भी अतिक्रमण हटाने की दिशा में प्रशासन और पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. इससे स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है.

सासाराम की सभी खबरें पढ़ें

लोगों का कहना है कि हादसे के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने 48 घंटे के भीतर एनएच-319 और स्टेट हाइवे-17 को अतिक्रमण मुक्त कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन यह आश्वासन अब तक पूरा नहीं हुआ. वर्तमान स्थिति यह है कि दोनों सड़कों के किनारे फल, सब्जी, बालू-गिट्टी, गैराज, पंचर और फुटपाथ दुकानों का कब्जा बना हुआ है.

Sasaram News : संकरी सड़कों से बढ़ी परेशानी

महात्मा गांधी चौक, बस पड़ाव और मुख्य बाजार में अतिक्रमण के कारण सड़कें काफी संकरी हो गई हैं. फुटपाथ दुकानदारों और ठेला चालकों ने आधी सड़क पर कब्जा कर लिया है, वहीं कई दुकानदार अपना सामान भी सड़क तक फैला देते हैं. इसके अलावा शहर में पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग सड़क पर ही वाहन खड़ा कर देते हैं, जिससे जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है.

Kochas Encroachment News : नाले और ओवरब्रिज भी बने समस्या

शहर में बने नालों की ऊंचाई सड़क से अधिक होने के कारण भी सड़कें और संकरी हो गई हैं. कई जगहों पर इन नालों के ऊपर भी दुकानें सजी रहती हैं. वहीं, स्थानीय लोगों का आरोप है कि एनएच-319 पर प्रस्तावित ओवरब्रिज को स्टेट हाइवे-17 पर बना दिया गया, जिससे जाम की समस्या और बढ़ गई है.

जाम से रोजाना जूझ रहे लोग

स्थिति यह है कि मुख्य सड़कों पर पैदल या बाइक से चलना ही मुश्किल हो गया है. भारी वाहनों के प्रवेश करते ही महात्मा गांधी चौक के आसपास भीषण जाम लग जाता है. यह समस्या शहर में प्रतिदिन देखने को मिल रही है.

जनप्रतिनिधियों ने उठाए सवाल

जदयू प्रखंड अध्यक्ष हरिहर प्रसाद सिंह, भाजपा नेता मुन्ना मिश्रा, कांग्रेस नेता सुरेंद्र दूबे और नगर पैक्स अध्यक्ष सुनील दूबे सहित कई लोगों ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने से दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है.

प्रशासन का पक्ष

नगर कार्यपालक पदाधिकारी ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू कर दिया गया है और जल्द ही सड़कों को अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा. वहीं, अपर थानाध्यक्ष बबलू कुमार ने बताया कि जाम की समस्या से निपटने के लिए विभिन्न चौक-चौराहों पर पुलिस की तैनाती की जा रही है.

कोचस में अतिक्रमण और अव्यवस्थित ट्रैफिक व्यवस्था लोगों के लिए बड़ी समस्या बन चुकी है. हादसे के बाद भी ठोस कार्रवाई नहीं होने से प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं. अब देखना होगा कि प्रशासन कब तक हालात सुधारने में सफल होता है.

Also Read : रोहतास में श्रावणी मेले से पहले गुप्ता धाम में चला बुलडोजर: अतिक्रमण पर प्रशासन का प्रहार, सड़क चौड़ीकरण, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां तेज


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ramesh Kumar

Published by: Ragini Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >