वेंडिंग जोन ने बदली जीटी रोड की तस्वीर, दो हफ्ते से राहत में शहरवासी

30 दिसंबर के आदेश के बाद सड़कों से हटे फुटपाथी दुकानदार, हो रही सतत निगरानी, बिना मजिस्ट्रेट तैनाती के भी कायम है व्यवस्था, पुलिस व निगम की मुस्तैदी रंग लायी

सासाराम नगर.

पिछले 14 दिनों से जीटी रोड पर जाम की समस्या लगभग समाप्त हो गयी है. सुबह के कार्यालय समय में भी सड़क पर वाहनों का दबाव सामान्य बना हुआ है. इसका सबसे बड़ा कारण फुटपाथी दुकानदारों का सड़कों से हटना है, जो अब पुराने बस पड़ाव में बने वेंडिंग जोन में जाकर अपना कारोबार कर रहे हैं. फुटपाथी दुकानदारों को वेंडिंग जोन में स्थानांतरित करने के लिए 30 दिसंबर 2025 को एसडीपीओ और एसडीएम द्वारा संयुक्त आदेश जारी किया गया था. इस आदेश के तहत शहर के 12 स्थलों पर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति सुबह 6.00 बजे से रात 8.00 बजे तक की गयी थी. उनके साथ डेहरी पुलिस केंद्र से पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. इसका सीधा असर जीटी रोड पर धर्मशाला से काली स्थान और गौरक्षणी पुल के नीचे दोनों ओर देखने को मिला. हालांकि दंडाधिकारियों की यह प्रतिनियुक्ति 14 जनवरी तक ही थी. ऐसे में 15 जनवरी से दोबारा स्थिति बिगड़ने की आशंका जतायी जा रही थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. मजिस्ट्रेटों की दोबारा तैनाती नहीं की गयी है, बावजूद इसके पुलिस बल पर्याप्त संख्या में चिह्नित स्थलों पर डटे हुए हैं, जिससे कोई भी वेंडर वेंडिंग जोन से बाहर आकर सड़क पर दुकान न लगा सके. स्थिति की सतत निगरानी के लिए नगर निगम ने अलग से एक टीम गठित की है, जिसे विभिन्न स्थलों पर तैनात किया गया है. निगम टीम की मुस्तैदी के कारण वेंडरों को सड़क पर दुकान लगाने से रोका जा सका है. बुधवार सुबह कुछ फुटपाथी दुकानदारों ने जीटी रोड पर दोबारा कारोबार शुरू करने का प्रयास किया, लेकिन निगम की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते ए उन्हें हटाया, जिसके बाद वे अपना सामान समेटकर वापस लौट गये.

प्रचार रथ कर रहा लोगों से अपील

नगर निगम शहरवासियों से लगातार वेंडिंग जोन पहुंचकर खरीदारी करने की अपील कर रहा है. इसके लिए निगम के प्रचार रथ विभिन्न मुहल्लों में जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं. प्रचार के माध्यम से बताया जा रहा है कि वेंडिंग जोन में रोजमर्रा की जरूरत की सभी वस्तुएं उपलब्ध हैं. साथ ही वेंडरों को भी सड़क पर दुकान न लगाने और वेंडिंग जोन में ही कारोबार करने की हिदायत दी जा रही है.

छह स्थलों पर निगम की टीम तैनात

नगर निगम की टीम शहर के छह प्रमुख स्थलों पर तैनात की गयी है. इनमें सिविल कोर्ट से करगहर मोड़ तक, करगहर मोड़ से पोस्ट ऑफिस चौक तक, पोस्ट ऑफिस चौक से नेहरू पार्क तक, रौजा रोड सेल्फी प्वाइंट से सदर अस्पताल गेट तक और पुराना बस पड़ाव स्थित वेंडिंग जोन शामिल हैं. यह टीम दो पालियों में ड्यूटी करेगी. इस व्यवस्था के लिए 12 नगर निगम कर्मियों और 12 होमगार्ड जवानों की तैनाती की गयी है. पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी सहायक वास्तुविद रवि कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी कुमार अनुगम, नगर प्रबंधक आफताब आलम, टाउन प्लानर शांतनु साहू, नगर प्रबंधक अजहर हुसैन और कनीय अभियंता रिशु कुमार शर्मा को सौंपी गयी है. नगर आयुक्त द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि जीटी रोड पर लगे ठेला और फुटपाथ की दुकानों को वेंडिंग जोन में प्रतिस्थापित कर अतिक्रमण और जाम की समस्या से स्थायी निजात दिलानी है. इसके लिए ट्रैफिक पुलिस उपाधीक्षक और जिला परिवहन पदाधिकारी स्तर से प्रतिनियुक्त कर्मियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Panchdev kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >