प्रतिनिधि, सासाराम ऑफिस/नोखा. नोखा प्रखंड के चनकी गांव में एक ही परिसर में संचालित उच्च माध्यमिक प्लस टू विद्यालय चनकी और मध्य विद्यालय चनकी के शिक्षकों के बीच शिक्षक दिवस के दिन बच्चों की मौजूदगी में मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है. पांच सितंबर को हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है.
जांच के बाद पांच शिक्षकों पर हुई कार्रवाई
संयुक्त जांच प्रतिवेदन के आधार पर जिला शिक्षा कार्यालय ने घटना में संलिप्त पांच शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. जिला शिक्षा पदाधिकारी, रोहतास के अनुमोदन पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना ने पांच शिक्षकों के निलंबन का आदेश जारी किया है.
चार शिक्षक उच्च माध्यमिक विद्यालय के निलंबित
निलंबित शिक्षकों में उच्च माध्यमिक प्लस टू विद्यालय चनकी की शिक्षिका अंजू कुमारी, शिक्षक अभिषेक उपाध्याय, शिक्षक नित्यानंद भारती और शिक्षक उमेश कुमार शामिल हैं. वहीं मध्य विद्यालय चनकी की विशिष्ट शिक्षिका उमा कुमारी को भी निलंबित किया गया है.
निलंबित शिक्षकों के अलग-अलग मुख्यालय तय
निलंबन अवधि के दौरान अंजू कुमारी का मुख्यालय अकोढ़ीगोला, अभिषेक उपाध्याय का डिहरी, नित्यानंद भारती का कोचस और उमेश कुमार का चेनारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय निर्धारित किया गया है. वहीं उमा कुमारी का मुख्यालय करगहर बनाया गया है. निलंबन अवधि में सभी शिक्षकों को नियमानुसार जीवन यापन भत्ता मिलेगा.
शिक्षकों का कृत्य आचार नियमावली के खिलाफ
आदेश में कहा गया है कि शिक्षकों का यह कृत्य बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली, 1976 के प्रावधानों के प्रतिकूल है. विभाग ने इसे अशिष्ट, अमर्यादित और अनुशासनहीनता का परिचायक बताते हुए शिक्षक की गरिमा के विरुद्ध माना है.
विद्यालय के शैक्षणिक माहौल पर भी पड़ा असर
विभाग के अनुसार, घटना से विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण भी प्रभावित हुआ है. सभी पांचों निलंबित शिक्षकों के विरुद्ध अलग से आरोप-पत्र गठित कर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी.
संयुक्त जांच में मारपीट और गाली-गलौज की पुष्टि
गौरतलब हो कि मामले की जांच प्रखंड विकास पदाधिकारी, नोखा और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, नोखा ने संयुक्त रूप से की थी. आठ सितंबर को सौंपे गए जांच प्रतिवेदन में शिक्षकों के बीच मारपीट, गाली-गलौज और अमर्यादित व्यवहार की पुष्टि करते हुए संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध निलंबन सहित अनुशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा की गई थी.
प्रभारी प्रधानाध्यापक ने भी भेजी रिपोर्ट
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक ने भी घटना को लेकर अलग से अपना प्रतिवेदन विभाग को भेजा था.
