Rohtas News : रोहतास जिले के करवंदिया थाना में विशेष गार्ड में तैनात बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) के जवान किशोर राणा की सिर में गोली लगने से मौत हो गई. मृतक की पहचान झारखंड के रांची निवासी युवराज राणा के 46 वर्षीय पुत्र किशोर राणा के रूप में हुई है. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.
राइफल साफ करने के दौरान चली गोली साथी जवानों के अनुसार किशोर राणा बैरक में अपनी सरकारी राइफल की सफाई कर रहे थे. इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जो उनके सिर में जा लगी. गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
पोस्टमार्टम में एक गोली लगने की पुष्टि सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक डॉ. संजय कुमार ने बताया कि जवान के सिर के दाहिने हिस्से से गोली प्रवेश कर बाईं ओर से बाहर निकली है. उन्होंने कहा कि मृतक को केवल एक गोली लगी थी.
आत्महत्या या हादसा, हर पहलू की जांच हालांकि कुछ साथी पुलिसकर्मियों ने जवान के अवसाद में होने और आत्महत्या की आशंका भी जताई है. वहीं प्रथम दृष्टया राइफल साफ करने के दौरान गोली चलने की बात सामने आ रही है. पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
परिजनों को दी गई सूचना, पुलिस के बयान का इंतजार घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है. उनके आने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी. फिलहाल रोहतास पुलिस की ओर से घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. शव का पोस्टमार्टम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
