सासाराम के मध्य विद्यालय करसेरूआ में बाल संसद का गठन, सौरभ बने प्रधानमंत्री, स्नेहा को मिली उप प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी

सासाराम के मध्य स्कूल करसेरूआ में बाल संसद और मीना मंच का पुनर्गठन हुआ। लोकतांत्रिक प्रक्रिया से सौरभ कुमार को प्रधानमंत्री चुना गया। जानें पूरी खबर।

Rohtas News : जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान) रोहतास तथा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सासाराम के निर्देश पर सोमवार को मध्य विद्यालय करसेरूआ में बाल संसद एवं मीना मंच का पुनर्गठन किया गया. वर्ग छह से आठ तक के छात्र-छात्राओं की भागीदारी के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत प्रतिनिधियों का चयन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी की भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना था.

सौरभ बने प्रधानमंत्री, स्नेहा चुनी गईं उप प्रधानमंत्री

प्रधानाध्यापक नंद कुमार रवि, बाल संसद संयोजक शिक्षक जितेंद्र कुमार, मीना मंच संयोजक शिक्षिका सौम्या तिवारी तथा अन्य शिक्षकों की मौजूदगी में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई. सर्वसम्मति से कक्षा आठ के छात्र सौरभ कुमार को बाल संसद का प्रधानमंत्री तथा कक्षा आठ की छात्रा स्नेहा कुमारी को उप प्रधानमंत्री चुना गया. वहीं कक्षा आठ की छात्रा अस्तुरन कुमारी को मीना मंच का हेड बनाया गया.

लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बच्चों ने दिखाया उत्साह

चुनाव प्रक्रिया में रिशु राज प्रियदर्शी, भानु प्रताप, भरत यादव, सुजीत कुमार, यशोदा कुमारी, हलीमा खातून, गायत्री श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. पूरे कार्यक्रम का आयोजन शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. इस दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को बाल संसद की भूमिका, अधिकार और दायित्वों की भी विस्तृत जानकारी दी.

नेतृत्व विकास का प्रभावी माध्यम है बाल संसद

प्रधानाध्यापक नंद कुमार रवि ने चयनित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि बाल संसद केवल औपचारिक गतिविधि नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन, सहयोग और लोकतांत्रिक मूल्यों के विकास का प्रभावी मंच है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष बाल संसद का पुनर्गठन इसलिए किया जाता है ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को नेतृत्व का अवसर मिल सके. कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी चयनित प्रतिनिधियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं का आभार जताते हुए विद्यालय के विकास और अनुशासन बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >