Amrita Kumari Death Case Bikramganj : रोहतास के बिक्रमगंज में चर्चित अमृता कुमारी संदिग्ध मौत मामले में फरार आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. न्यायालय के आदेश पर गुरुवार सुबह आरोपितों के घर कुर्की-जब्ती की गई. पुलिस ने घर से सामान जब्त कर थाने में सुरक्षित रख लिया है. मामले की जांच हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से जारी है.
Rohtas Murder Case : इश्तेहार के बाद भी नहीं पहुंचे कोर्ट, शुरू हुई कुर्की-जब्ती
नगर के गौतम नगर मोहल्ले में विवाहिता अमृता कुमारी की संदिग्ध मौत मामले में फरार आरोपितों के खिलाफ गुरुवार सुबह करीब सात बजे न्यायालय के आदेश पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई शुरू की गई. बिक्रमगंज थानाध्यक्ष रंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल और मजदूरों की मौजूदगी में आरोपितों के घर से सामान जब्त कर थाने में सुरक्षित रखा गया.
Sasaram Murder Case : 20 जून को चस्पाया गया था इश्तेहार
थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर 20 जून को आरोपितों के घर इश्तेहार चस्पाया गया था और निर्धारित अवधि के भीतर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया गया था. समय सीमा समाप्त होने के बावजूद किसी भी आरोपित के न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई. जब्त सामान को न्यायालय के अगले आदेश तक थाने में सुरक्षित रखा जाएगा.
Sasaram News : 12 अप्रैल को फंदे से लटका मिला था अमृता का शव
12 अप्रैल 2026 की सुबह वार्ड संख्या 13 स्थित गौतम नगर मोहल्ले में 25 वर्षीय अमृता कुमारी का शव घर की दूसरी मंजिल पर सीढ़ी की रेलिंग से साड़ी के फंदे में लटका मिला था. घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम भेजकर मामले की जांच शुरू की थी.
पिता ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
मृतका के पिता एवं नोखा थाना क्षेत्र निवासी अशोक कुमार सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कर ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया था. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अमृता के ससुर रामेश्वर चौधरी की उस पर बुरी नजर रहती थी. पुलिस ने आरोपों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच जारी
घटना के समय घर में मृतका के सास-ससुर मौजूद थे, जबकि पति मनीष कुमार भारतीय सेना में नायक पद पर तैनात हैं. बताया जाता है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच फोन पर बातचीत भी हुई थी. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए थे. पुलिस मामले की जांच हत्या और आत्महत्या, दोनों पहलुओं से कर रही है. कुर्की-जब्ती की कार्रवाई के बाद फरार आरोपितों पर कानूनी शिकंजा और कस गया है.
