Sasaram News : अमलतास निकेतन स्कूल परिसर में नाली के गंदे पानी से हुए जलजमाव की समस्या लंबे समय बाद भी दूर नहीं हो सकी है. नाली के गंदे और कीड़ों से भरे पानी के बीच छोटे-छोटे बच्चों के साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी आवागमन करना पड़ रहा है. जलजमाव के कारण पूरे विद्यालय परिसर में दुर्गंध फैल रही है, जिससे संक्रमण फैलने की आशंका बनी हुई है. विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित सरकारी कार्यालयों में आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है.
नाली के गंदे पानी से जलमग्न हुआ विद्यालय परिसर
विद्यालय परिसर में नाली का पानी जमा होने से स्थिति बेहद खराब हो गयी है. पूरा कैंपस गंदे पानी और कीड़ों से पटा हुआ नजर आता है. बरसात के दौरान उमस भरी गर्मी में पानी सड़ने से काफी तेज दुर्गंध निकलती है. इसी गंदे पानी के बीच बच्चों और शिक्षक-शिक्षिकाओं को विद्यालय आना-जाना पड़ रहा है.
Also Read : भभुआ समाहरणालय पर शिक्षकों ने दिया धरना, समान काम-समान वेतन व पुरानी पेंशन मांग लेकर नारेबाजी की
अधिक बारिश होने पर स्कूल बंद करने की नौबत
विद्यालय स्टाफ के अनुसार, बारिश अधिक होने के बाद कभी-कभी स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि स्कूल बंद करने की नौबत आ जाती है. नाली के सड़ांधयुक्त पानी की दुर्गंध के बीच बच्चे बैठकर पढ़ने को मजबूर हैं. विद्यालय प्रबंधन के सामने फिलहाल इसका कोई दूसरा विकल्प नहीं है.
एक साल से अधिक समय से नहीं हुआ समस्या का समाधान
स्कूल की डायरेक्टर रंजना सिन्हा ने बताया कि समस्या को लेकर सभी संबंधित सरकारी कार्यालयों में आवेदन देते-देते वे लोग थक चुके हैं. हर बार यह जवाब मिलता है कि नाला निर्माण और जल निकासी के लिए तीन विभागों की स्वीकृति आवश्यक है और जल्द ही काम शुरू हो जाएगा. लेकिन ऐसा कहते हुए एक साल से अधिक समय बीत गया. अब तक नाले की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था नहीं हो सकी है.
Also Read : कोचिंग जा रहे युवक को नशीला पदार्थ खिलाकर अगवा करने का आरोप, वाराणसी में छोड़कर फरार हुए बदमाश
विद्यालय की ओर बह रहा नाले का पूरा पानी
रंजना सिन्हा के अनुसार, नाले की निकासी और ढलान विद्यालय परिसर की ओर होने के कारण पूरा पानी स्कूल कैंपस में बह रहा है. इससे पूरा परिसर जलमग्न हो चुका है. उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में विद्यालय प्रबंधन आखिर क्या कर सकता है. इस संबंध में जिलाधिकारी को भी आवेदन सौंपा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक आश्वासन नहीं मिला है.
पंचायत स्तर से जल्द समाधान का बीडीओ ने दिया भरोसा
इस संबंध में बीडीओ अंकिता जैन ने बताया कि पंचायत स्तर से समस्या का जल्द समाधान कराया जायेगा. तिलौथू पूर्वी पंचायत की मुखिया से नाला निर्माण को लेकर बातचीत हुई है. मुखिया ने तिलौथू बैंक रोड में जल्द नाला निर्माण कराने की बात कही है. बीडीओ के अनुसार, चंद दिनों में इस रोड पर नाला निर्माण का काम शुरू हो जाएगा.
Also Read : कैमूर में एडिशनल सीओ अनन्या सिंह ने की जांच, जीविका दीदियों की समस्याओं का भी करेंगी समाधान
