डेहरी बाजार में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई, आज से हटायी जायेंगी दुकानें

SASARAM NEWS.शहर में थाना चौक से आंबेडकर चौक तक अतिक्रमण हटाने को लेकर सोमवार को अनुमंडल प्रशासन की ओर से माइकिंग करायी गयी.

थाना चौक से आंबेडकर चौक तक सड़क खाली करने का निर्देश

अधिकारियों ने खुद सड़क पर उतरकर दुकानदारों को माइकिंग कर चेताया

डेहरी नगर

.शहर में थाना चौक से आंबेडकर चौक तक अतिक्रमण हटाने को लेकर सोमवार को अनुमंडल प्रशासन की ओर से माइकिंग करायी गयी. इस दौरान सड़क पर अतिक्रमण कर दुकान लगाने वाले दुकानदारों को निर्धारित स्थान पर दुकान लगाने का निर्देश दिया गया. प्रशासन ने स्पष्ट कहा कि निर्देश के बावजूद यदि दुकानदार सड़क खाली नहीं करते हैं, तो मंगलवार से जबरन हटाने की कार्रवाई की जायेगी. माइकिंग के दौरान दंडाधिकारी के रूप में तैनात आरओ तौकिर अहमद, एलइओ रोहित कुमार और नगर परिषद के स्वच्छता पदाधिकारी प्रणव कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने दुकानदारों के पास जाकर सड़क से दुकान हटाने व प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थान पर लगाने का निर्देश दिया. हालांकि प्रशासन के निर्देश का अतिक्रमणकारी कितना पालन करते हैं, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा. इधर, प्रशासन के सख्त रुख को देखते हुए सड़क किनारे दुकान लगाने वाले दुकानदारों में खलबली मच गयी है. कई दुकानदारों ने दुकानों के आगे लगे बांस-बल्ले हटाने शुरू कर दिये हैं.

दो पालियों में दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी तैनात

अतिक्रमण रोकने और हटाने को लेकर अनुमंडल प्रशासन ने दो पालियों में दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है. अवर निर्वाची पदाधिकारी संतोष कुमार सिंह, कार्यपालक दंडाधिकारी धर्मेंद्र कुमार सिंह और कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार के नेतृत्व में डेहरी बाजार को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए यह व्यवस्था की गयी है. पहली पाली सुबह 9:00 बजे से 10:00 बजे तक और दूसरी पाली शाम 6:00 बजे से 8:00 बजे तक निर्धारित की गयी है. दंडाधिकारी के रूप में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी रोहित कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी प्रणव राय, राजस्व पदाधिकारी तौकीर अहमद, अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी पंकज कुमार निराला, नगर प्रबंधक आसिफ सेराज और प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार की प्रतिनियुक्ति की गयी है. वहीं पुलिस पदाधिकारी के रूप में पुलिस अवर निरीक्षक सुबोध कुमार, दीवान जाबीर खान, पुलिस सहायक अवर निरीक्षक अंजनी कुमार, संतोष कुमार, डब्लू कुमार व जितेंद्र कुमार को तैनात किया गया है. प्रतिनियुक्त अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि निर्धारित अवधि में मुख्य मार्ग पर किसी भी ठेला वेंडर का ठहराव नहीं होने दें. कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद डेहरी-डालमियानगर को भी निर्देश दिया गया है कि निर्धारित अवधि में टैक्स दारोगा को दंडाधिकारियों के साथ प्रतिनियुक्त करें, ताकि अवैध अतिक्रमणकारियों से निर्धारित अर्थदंड की वसूली की जा सके.

क्या कहते हैं अधिकारी

सड़क से ठेला हटाने को लेकर सोमवार को माइकिंग करायी गयी है. दुकानदारों को निर्धारित स्थान पर जाने को कहा गया है. इसके बावजूद सड़क खाली नहीं करने पर मंगलवार से जबरन हटाने की कार्रवाई की जायेगी.

संतोष कुमार सिंह, अवर निर्वाची पदाधिकारी, डेहरीB

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anurag sharan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >