Rohtas national children science congress: विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा, नवाचार और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 का आयोजन शनिवार को श्री शंकर उच्च माध्यमिक +2 विद्यालय, तकिया, सासाराम में किया जाएगा. इस वर्ष कांग्रेस का मुख्य विषय "निरंतरता के लिए विज्ञान एवं नवाचार" निर्धारित किया गया है.
छात्र प्रस्तुत करेंगे विज्ञान आधारित प्रोजेक्ट
कार्यक्रम में रोहतास जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं विज्ञान आधारित शोध प्रोजेक्ट, मॉडल और नवाचार प्रस्तुत करेंगे. इसके साथ ही वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने और सामाजिक समस्याओं के समाधान में विज्ञान की भूमिका पर विचार-विमर्श भी किया जाएगा.
जिला शिक्षा पदाधिकारी करेंगे उद्घाटन
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का उद्घाटन जिला शिक्षा पदाधिकारी, रोहतास करेंगे. कार्यक्रम में साइंस फॉर सोसाइटी के राज्य अध्यक्ष अरुण कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे.
कई शिक्षाविद होंगे शामिल
कार्यक्रम में महिला महाविद्यालय, पटना के रसायन विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. कुमारी निमिषा, राज्य शैक्षिक समन्वयक डॉ. रश्मि कोमल, जिला शैक्षिक समन्वयक डॉ. ओम प्रकाश सिंह तथा जिला समन्वयक विजेंद्र केशरी भी मौजूद रहेंगे. आयोजन के दौरान छात्र-छात्राओं को वैज्ञानिक सोच विकसित करने और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा.
