Rohtas News: रोहतास जिले के शिवसागर प्रखंड मुख्यालय स्थित किसान भवन सभागार में शुक्रवार को प्रखंड स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (20 सूत्री) की सामान्य बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता समिति के प्रखंड अध्यक्ष गंगा बिंद ने की, जबकि प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सह सदस्य सचिव की मौजूदगी में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई.
स्वास्थ्य केंद्र में जनरेटर और उर्दू विद्यालय में जलजमाव का उठा मुद्दा
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पेयजल, सड़क और स्वच्छता समेत कई जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया.
समिति सदस्य कमरुद्दीन फारुकी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवसागर में बिजली कटने पर एक्स-रे सेवा बाधित होने का गंभीर मामला उठाया और अस्पताल में स्थायी जनरेटर व्यवस्था की मांग की. इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय उर्दू विद्यालय परिसर में हो रहे जलजमाव की समस्या से भी अधिकारियों को अवगत कराया.
खाद की कालाबाजारी और जर्जर सड़कों पर जनप्रतिनिधियों ने जताई नाराजगी
बैठक के दौरान संतोष पांडेय 'बबलू' ने किसानों को तय दर से अधिक कीमत पर खाद बेचे जाने की शिकायत दर्ज कराई. वहीं संजय सिंह ने पड़री पंचायत में बंद व बदहाल पड़ी नल-जल योजना, छोटेलाल सोनी ने आलमपुर पंचायत के खुड़म गांव से उत्तर करहा पथ की सफाई और चंद्रमा सिंह ने क्षेत्र की जर्जर ग्रामीण सड़कों की समस्या को प्रमुखता से रखा.
अध्यक्ष गंगा बिंद ने जनसमस्याओं के समाधान में बरती जा रही लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का स्पष्ट निर्देश दिया.
बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और समिति के सदस्य मौजूद रहे, जहां सभी विकास कार्यों में तेजी लाने और विभागीय समन्वय बेहतर करने पर बल दिया गया.
