सारण: दरियापुर में नदी में डूबे युवक का तीसरे दिन मिला शव, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

दरियापुर के दुर्बेला में मही नदी में डूबे अरुण राय का शव तीसरे दिन मानुपुर के पास मिला। परिवार में मातम का माहौल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

Saran News : दरियापुर प्रखंड के दुर्बेला के पास मही नदी में डूबे 42 वर्षीय युवक अरुण राय का शव तीसरे दिन सोमवार की अहले सुबह बरामद किया गया. मानूपुर गांव के पास ग्रामीणों ने शव को नदी में तैरते देखा, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया.

शौच के लिए नदी की ओर गया था युवक, पैर फिसलने से हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, शनिवार की शाम करीब आठ बजे दुर्बेला गांव निवासी स्व. शिवलाल राय का 42 वर्षीय पुत्र अरुण राय शौच के लिए नदी की तरफ गया था. इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया. घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया.

एसडीआरएफ ने घंटों चलाया सर्च ऑपरेशन, नहीं मिला था शव

घटना की सूचना के बाद रविवार को एसडीआरएफ की टीम ने मही नदी में शव की तलाश शुरू की. टीम ने काफी देर तक नदी में खोजबीन की, लेकिन देर रात तक शव का पता नहीं चल सका. सोमवार की सुबह मानूपुर गांव के पास ग्रामीणों की नजर नदी में तैर रहे शव पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी.

कमाऊ सदस्य की मौत से बेसहारा हुआ परिवार

अरुण राय की मौत से उसका परिवार बेसहारा हो गया है. वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था और पिता का निधन पहले ही हो चुका था. अरुण राय दुर्बेला बांध पर सब्जी की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. इसी दुकान की आमदनी से घर का खर्च चलता था.

पत्नी और बच्चों के सामने खड़ी हुई बड़ी मुश्किल

मृतक अरुण राय के परिवार में पत्नी सरिता देवी, दो पुत्रियां और एक पुत्र हैं. इनमें एक पुत्री की शादी हो चुकी है. परिवार के कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से पत्नी और बच्चों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.

मां और पत्नी के रुदन से माहौल हुआ गमगीन

अरुण राय की मौत की खबर के बाद उसकी मां लालमती देवी, पत्नी सरिता देवी और बच्चों के रुदन-क्रंदन से गांव का माहौल गमगीन हो गया. घटना से ग्रामीण भी काफी मर्माहत हैं. ग्रामीणों ने बताया कि अरुण राय बेहद ईमानदार और व्यवहारिक स्वभाव का युवक था.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंद्रशेखर कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >