सारण: पूर्व विधायक यदुवंशी राय की 10वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, 1200 से अधिक मरीजों की हुई नि:शुल्क जांच

मढ़ौरा के पूर्व विधायक स्व. यदुवंशी राय की 10वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन, 1200 से अधिक मरीजों की हुई नि:शुल्क हृदय और नेत्र जांच।

Saran News : छपरा के मढ़ौरा के पूर्व विधायक स्व. यदुवंशी राय की 10वीं पुण्यतिथि पर शनिवार को नगरपालिका चौक स्थित उनके आवास पर श्रद्धांजलि सभा और भजनामृत का आयोजन किया गया. इस दौरान परिवार के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और उनके चाहने वालों ने स्व. यदुवंशी राय के सामाजिक और राजनीतिक योगदान को याद किया.

पुण्यतिथि को जनसेवा से जोड़ते हुए यदुवंशी राय मेमोरियल मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल की ओर से नि:शुल्क हृदय एवं नेत्र जांच शिविर भी लगाया गया. शिविर में 1200 से अधिक मरीजों की जांच की गयी. आयोजकों के अनुसार, जरूरतमंद मरीजों को आगे नि:शुल्क इलाज की सुविधा भी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गयी है.

तैलचित्र पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि

श्रद्धांजलि सभा की शुरुआत स्व. यदुवंशी राय के तैलचित्र पर पुष्पांजलि और माल्यार्पण के साथ हुई. मढ़ौरा विधायक जितेंद्र कुमार राय ने अपने पिता के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.

इस अवसर पर स्व. यदुवंशी राय की पत्नी, उनके अनुज एवं पूर्व एमएलसी रघुवंश प्रसाद यादव, रविंद्र कुमार राय, पुत्र एवं हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. हिमांशु कुमार, डॉ. रितेश कुमार राय रवि सहित परिवार के अन्य सदस्यों और उनके चाहने वालों ने भी पुष्प अर्पित किये.

गरीब और जरूरतमंदों की मदद को बताया उनकी पहचान

मढ़ौरा विधायक जितेंद्र कुमार राय ने कहा कि उनके पिता स्व. यदुवंशी राय समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए लगातार काम करते रहे. जननायक के रूप में उनकी पहचान थी. गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए वे हमेशा आगे रहते थे. समाज के लिए उनके योगदान को लोग आज भी याद करते हैं और उनके कार्यों को कभी भुलाया नहीं जा सकता.

1200 से अधिक मरीजों की हुई हृदय और नेत्र जांच

यदुवंशी राय मेमोरियल मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के निदेशक एवं हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. हिमांशु कुमार ने बताया कि पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित नि:शुल्क चिकित्सा शिविर में 1200 से अधिक मरीजों की हृदय एवं नेत्र जांच की गयी.

शिविर में इको, ईसीजी, सीबीसी, लिपिड प्रोफाइल सहित अन्य आवश्यक रक्त जांच की सुविधा भी नि:शुल्क उपलब्ध करायी गयी. उन्होंने बताया कि जांच के दौरान जिन मरीजों में हृदय संबंधी गंभीर समस्या सामने आयेगी, उनकी आवश्यकता के अनुसार नि:शुल्क एंजियोग्राफी कराने की व्यवस्था की जायेगी.

इसी तरह नेत्र संबंधी समस्या वाले जरूरतमंद मरीजों को आवश्यकता के अनुसार नि:शुल्क ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही गयी. नेत्र जांच शिविर का आयोजन अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के सहयोग से किया गया.

अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं बढ़ाने की तैयारी

डॉ. हिमांशु कुमार ने बताया कि अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के तहत जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, गायनी और ऑर्थो विभाग सूचीबद्ध हैं. रेलवे के तहत भी अस्पताल सूचीबद्ध है.

उन्होंने बताया कि अस्पताल में सारण का ऐसा ब्लड बैंक उपलब्ध है, जहां छह प्रकार के ब्लड कंपोनेंट की सुविधा मिलती है. अस्पताल में जल्द ही कैथ लैब और डायलिसिस सेवा शुरू करने की तैयारी चल रही है.

श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में पहुंचे लोग

कार्यक्रम में महुआ के पूर्व विधायक डॉ. मुकेश रौशन, पूर्व विधायक मुंद्रिका राय, रामबाबू राय, जिला परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि अमर राय, राजद नेता सुधांशु रंजन, बिहार प्रदेश मुखिया संघ के अध्यक्ष मिथिलेश कुमार राय, बिट्टू सिंह, रितेश सिंह सहित जिले की विभिन्न पंचायतों के मुखिया, जनप्रतिनिधि, नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.

नोट: फोटो नंबर 12 सीएचपी 12,13 है कैप्सन होगा-चित्र पर माल्यार्पण करते विधायक व चिकित्सा शिविर में जांच करते चिकित्सक | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंद्रशेखर कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >