सारण: तरैया थाना क्षेत्र के पट्टी पचौड़र चंवर में बकरी चोर समझकर कार सवार महिला समेत आठ लोगों के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है, मामले में एक महिला ने तरैया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है.
भागवतपुर गांव निवासी राजेश गिरि की पत्नी विद्यावती देवी ने प्राथमिकी में बताया है कि वह अपनी कार से परिवार के साथ गोरखपुर जा रही थी, इसी दौरान पट्टी पचौड़र के आसपास सड़क पर बकरियों का झुंड था, बकरियों को रास्ते से हटाने के लिए उनका पुत्र किशन कुमार कार से नीचे उतरा.
बकरी चोरी का आरोप लगाकर मारपीट का आरोप
प्राथमिकी के अनुसार, किशन कुमार के कार से उतरकर बकरियों को हटाने के दौरान एक व्यक्ति जोर-जोर से चिल्लाने लगा कि बकरी चोरी कर रहा है, इसके बाद पट्टी पचौड़र निवासी रंजन मांझी और संजय सिंह डाब लेकर वहां पहुंचे और मारपीट करने लगे, आरोप है कि उनके साथ छह अज्ञात लोग भी मारपीट में शामिल हो गए.
महिला समेत परिवार के आठ सदस्यों को पीटकर किया घायल
विद्यावती देवी ने प्राथमिकी में बताया कि मारपीट के दौरान कार में सवार उनकी बहन माला देवी, पुत्र प्रकाश गिरि, किशन गिरि, अर्जुन गिरि, मृत्युंजय गिरि और राजेश गिरि समेत सभी लोगों के साथ मारपीट की गई, इस घटना में सभी घायल हो गए, आरोप है कि हमलावरों ने कार में भी तोड़फोड़ की.
आभूषण, नकदी और मोबाइल छीनने का आरोप
प्राथमिकी में विद्यावती देवी ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उनका मंगलसूत्र, झुमका, बाली और पर्स में रखे 16 हजार रुपये छीन लिए गए, इसके अलावा प्रकाश गिरि को सगाई में मिले चैन और अंगूठी तथा तीन मोबाइल भी छीनने का आरोप लगाया गया है.
प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
घटना को लेकर तरैया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है, पुलिस घटना के कारणों और मारपीट तथा सामान छीनने के आरोपों की जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें: सीवान जेल में बंद कैदी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
