Saran News : इन दिनों मौसम में लगातार बदलाव और तेज धूप के कारण वायरल बीमारियों का प्रकोप बढ़ता दिख रहा है. सुबह करीब 10 बजे से ही कड़ी धूप निकल रही है. इसके साथ ही बीच-बीच में हल्की बारिश होने से मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है. इसका असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है. सर्दी, खांसी और बुखार की शिकायत लेकर बड़ी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं.
पिछले चार-पांच दिनों में सदर अस्पताल के ओपीडी में मेडिसिन और चाइल्ड वार्ड में मरीजों की संख्या बढ़ी है. कई मरीजों में दो से तीन दिनों तक तेज बुखार रहने के बाद जांच कराने की स्थिति बन रही है. कुछ मरीज डेंगू की आशंका को लेकर भी जांच करा रहे हैं.
सुबह 8:30 बजे से रजिस्ट्रेशन काउंटर पर बढ़ी भीड़
शनिवार को सदर अस्पताल के ओपीडी में सुबह 8:30 बजे से ही मरीजों की आवाजाही बढ़ गयी थी. सुबह नौ बजे तक दोनों रजिस्ट्रेशन काउंटर पर लंबी कतार लग गयी. ज्यादातर मरीज वायरल इंफेक्शन, सर्दी, खांसी और बुखार की शिकायत लेकर इलाज के लिए पहुंचे थे.
दिन में ओपीडी में मरीजों की भीड़ के साथ रात में भी कई मरीज इमरजेंसी वार्ड में इलाज के लिए पहुंच रहे हैं. स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौटने वाले बच्चों पर भी तेज धूप और बदलते मौसम का असर पड़ रहा है.
24 घंटे संचालित हो रहा अस्पताल का जांच केंद्र
सदर अस्पताल के प्रबंधक राजेश्वर प्रसाद ने बताया कि ओपीडी में सभी चिकित्सकों को निर्धारित समय पर ड्यूटी पर मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है. निर्धारित प्रक्रिया के तहत मरीजों का रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है और इसके बाद उन्हें संबंधित विभाग में भेजा जा रहा है.
उन्होंने बताया कि सदर अस्पताल का जांच केंद्र 24 घंटे संचालित हो रहा है. वहीं सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक दवा काउंटर से मरीजों को दवाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं. अस्पताल में जरूरी दवाओं का स्टॉक मौजूद है. जिन दवाओं की कमी है, उन्हें एक-दो दिनों में मंगाने की प्रक्रिया चल रही है.
धूप में सड़ रहा मुहल्लों में जमा पानी
गत दिनों हुई बारिश के बाद शहर के कई मुहल्लों में अब भी जलजमाव की समस्या बनी हुई है. कई जगह खाली जमीनों में बड़ी मात्रा में पानी जमा है. हवाई अड्डा मुहल्ले में भी बाढ़ का पानी अलग-अलग बड़े नालों के माध्यम से जमा हुआ था.
नगर निगम की ओर से मोटर के माध्यम से पानी की निकासी करायी जा रही है, लेकिन कई इलाकों में खाली जमीनों पर अभी भी पानी जमा है. तेज धूप के कारण यह पानी अब सड़ने लगा है और आसपास के इलाकों में दुर्गंध फैल रही है.
डेंगू-मलेरिया को लेकर लोगों में चिंता
जमा पानी और उससे निकल रही दुर्गंध के कारण स्थानीय लोगों को डेंगू और मलेरिया का डर सता रहा है. लंबे समय से पानी जमा रहने वाले इलाकों में मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है.
मेयर लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए टीम का गठन किया है. वहीं जिन इलाकों में कई दिनों से जलजमाव है, वहां ब्लीचिंग पाउडर समेत अन्य जरूरी सामग्री का छिड़काव कराया जा रहा है.
