JP University : जयप्रकाश विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग ने चार वर्षीय स्नातक सीबीसीएस सत्र 2025-29 के सेकेंड सेमेस्टर की परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है. विश्वविद्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार सेकेंड सेमेस्टर की सैद्धांतिक परीक्षा 28 सितंबर से शुरू होगी और छह अक्टूबर तक चलेगी. परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जायेगी.
पहली पाली की परीक्षा सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी. वहीं दूसरी पाली में दोपहर एक बजे से शाम चार बजे तक परीक्षार्थी परीक्षा देंगे. परीक्षा को लेकर स्नातक स्तर के सभी विषयों को दो ग्रुप में बांटा गया है, ताकि परीक्षा का संचालन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जा सके.
ग्रुप ए में शामिल हैं ये विषय
परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार ग्रुप ए में जूलॉजी, बॉटनी, भौतिकी, केमिस्ट्री, गणित, मनोविज्ञान, राजनीति विज्ञान, दर्शनशास्त्र, भोजपुरी, संस्कृत और कॉमर्स विषय को शामिल किया गया है. इन विषयों के परीक्षार्थियों की परीक्षा निर्धारित तिथि और पाली के अनुसार ली जायेगी.
ग्रुप बी में इन विषयों के विद्यार्थी होंगे शामिल
ग्रुप बी में भूगोल, इतिहास, अर्थशास्त्र, गृह विज्ञान, सोशियोलॉजी, हिंदी, उर्दू, अंग्रेजी, एआइएच एंड सी, संगीत, एलएसडब्ल्यू और ग्रामीण अर्थशास्त्र विषय को रखा गया है. विश्वविद्यालय ने दोनों ग्रुप के विषयों के अनुसार परीक्षा कार्यक्रम तैयार किया है.
मेजर और माइनर समेत कई कोर्स की होगी परीक्षा
सेकेंड सेमेस्टर की परीक्षा के तहत मेजर कोर्स, माइनर कोर्स और मल्टी डिसीप्लिनरी कोर्स समेत अन्य निर्धारित पाठ्यक्रमों के पेपर लिये जायेंगे. परीक्षा को लेकर विश्वविद्यालय की ओर से सभी स्नातक स्तरीय कॉलेजों को परीक्षा कार्यक्रम भेज दिया गया है. साथ ही कॉलेजों के नोटिस बोर्ड पर भी परीक्षा का शेड्यूल प्रकाशित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि विद्यार्थियों को परीक्षा की तिथि और समय की जानकारी मिल सके.
20 सितंबर के बाद जारी होगा एडमिट कार्ड
परीक्षा नियंत्रक डॉ अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि सेकेंड सेमेस्टर की परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 20 सितंबर के बाद जारी किया जायेगा. फिलहाल इस सत्र के विद्यार्थियों के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया चल रही है. परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एडमिट कार्ड जारी किया जायेगा.
13 से 16 अक्टूबर तक होगी प्रायोगिक परीक्षा
विश्वविद्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 28 सितंबर से छह अक्टूबर तक सैद्धांतिक विषयों की परीक्षा समाप्त होने के बाद 13 से 16 अक्टूबर तक प्रायोगिक परीक्षा आयोजित की जायेगी. प्रायोगिक परीक्षा संबंधित कॉलेजों में ही ली जायेगी. इसका विस्तृत कार्यक्रम कॉलेज स्तर से जारी किया जायेगा. विद्यार्थियों को प्रायोगिक परीक्षा की तिथि और समय के लिए अपने संबंधित कॉलेज से जानकारी लेने का निर्देश दिया गया है.
