छपरा जिला अंडर-19 शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ, राज्य स्तर के लिए चुने जायेंगे शीर्ष खिलाड़ी

छपरा जिला अंडर-19 बालक एवं बालिका शतरंज प्रतियोगिता-2026 का गंगा सिंह महाविद्यालय में शुभारंभ हो गया है. सौ से अधिक युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं. प्रतियोगिता से सारण में शतरंज की मजबूत नींव रखी जाएगी.

Saran News : गंगा सिंह महाविद्यालय के प्रांगण में शनिवार को छपरा जिला अंडर-19 बालक एवं बालिका शतरंज प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ हुआ. प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से सौ से अधिक प्रतिभावान बालक और बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं. प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में काफी उत्साह देखने को मिला.

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि सोनपुर के विधायक विनय कुमार सिंह रहे. इस अवसर पर गंगा सिंह महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. प्रमेंद्र रंजन सिंह, पूर्वोत्तर रेलवे कॉलेज के प्राचार्य विनय सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह, सत्यवती फाउंडेशन की निर्देशिका सोनम सत्यवती, प्रबंध निदेशक श्री कुमार गौरव, धर्मेंद्र सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.

अतिथियों ने खिलाड़ियों से किया परिचय

उद्घाटन समारोह के दौरान अतिथियों ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया. इसके बाद प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया. अतिथियों ने जिले में शतरंज के प्रति बच्चों और युवाओं की बढ़ती रुचि की सराहना की. उन्होंने कहा कि शतरंज जैसे खेल बच्चों में एकाग्रता, धैर्य और रणनीतिक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.

कार्यक्रम में छपरा जिला शतरंज संघ के सचिव एवं इंटरनेशनल आर्बिटर अरविंद कुमार सिंह, संयुक्त सचिव संजय कुमार, सहायक सचिव एवं सीनियर नेशनल आर्बिटर सागर कुमार, रोटरी क्लब ऑफ छपरा के अध्यक्ष महेश गुप्ता, सुपर 40 छपरा के प्रबंध निदेशक एवं व्यवस्थापक प्रवीण कुमार मंटू सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे.

सारण में शतरंज की मजबूत नींव तैयार करना उद्देश्य

जिला शतरंज संघ के सचिव एवं प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक इंटरनेशनल आर्बिटर अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं है. इसके माध्यम से सारण जिले में शतरंज की मजबूत नींव तैयार करने, अधिक से अधिक बच्चों को इस खेल से जोड़ने और स्थानीय प्रतिभाओं को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर देने का प्रयास किया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि जिले में बड़ी संख्या में बच्चे शतरंज के प्रति रुचि दिखा रहे हैं. ऐसे आयोजनों से उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने और बेहतर खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलता है.

शीर्ष चार खिलाड़ियों का होगा राज्य प्रतियोगिता के लिए चयन

जिला स्तरीय अंडर-19 प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर शीर्ष दो बालक और शीर्ष दो बालिका खिलाड़ियों का चयन आगामी बिहार राज्य अंडर-19 शतरंज प्रतियोगिता के लिए किया जायेगा. चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सारण जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे.

प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर आयोजकों और निर्णायकों की नजर रहेगी. जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा.

खिलाड़ियों में दिखा उत्साह

अंडर-19 आयु वर्ग की इस प्रतियोगिता में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया. बालक और बालिका वर्ग में खिलाड़ियों ने अपनी रणनीति और खेल कौशल का प्रदर्शन किया. आयोजकों के अनुसार जिले में शतरंज को बढ़ावा देने के लिए आगे भी इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता रहेगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकास कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >