छपरा में फिर बढ़ी भीड़, शहर की सड़कों पर दिनभर जाम से जूझे लोग

छपरा शहर में सोमवार को ट्रैफिक जाम की समस्या विकराल हो गई. डबल डेकर पुल का निर्माण और बाजारों में अचानक बढ़ी भीड़ ने सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगा दीं, जिससे लोगों को भारी परेशानी हुई.

छपरा शहर में सोमवार को एक बार फिर जाम की समस्या गंभीर हो गई. सुबह नौ बजे से ही शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. गांधी चौक से मेवालाल चौक रोड, कटहरी बाग से सरकारी बाजार मार्ग, दारोगा राय चौक से भगवान बाजार जाने वाली सड़क सहित कई इलाकों में दिनभर जाम की स्थिति बनी रही.

डबल डेकर पुल निर्माण और बढ़ते वाहनों का दिखा असर

शहर में जाम की मुख्य वजह बढ़ती वाहनों की आवाजाही और प्रमुख मार्गों पर चल रहा डबल डेकर पुल निर्माण कार्य बताया जा रहा है. सांढा ओवरब्रिज, कचहरी स्टेशन से समाहरणालय रोड और श्यामचक से ब्रह्मपुर मोड़ तक जाने वाली सड़कों पर भी वाहन रेंगते नजर आए. हालांकि, यातायात व्यवस्था संभालने के लिए चौक-चौराहों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी.

वैकल्पिक रास्तों पर भी बढ़ा दबाव

. मुख्य सड़कों पर जाम लगने के बाद लोगों ने गली-मोहल्लों के रास्तों का सहारा लिया, लेकिन वहां भी राहत नहीं मिली. पहले से जर्जर सड़कों और कई जगह चल रहे निर्माण कार्यों के कारण वैकल्पिक मार्गों पर भी दिनभर जाम की स्थिति बनी रही.

दो दिनों बाद बाजार खुलने से बढ़ी भीड़

शनिवार को छात्रों के प्रदर्शन और रविवार को अवकाश के कारण शहर में गतिविधियां कम रही थीं. सोमवार को बाजार खुलने के बाद सुबह से ही लोगों की भीड़ बढ़ने लगी. हथुआ मार्केट, साहेबगंज, सरकारी बाजार, पुरानी गुड़हट्टी, थोक किराना मंडी, कपड़ा मंडी, गुदरी बाजार, भगवान बाजार और अन्य प्रमुख बाजारों में खरीदारी करने वालों की भारी भीड़ पहुंची.

ग्रामीण दुकानदारों के पहुंचने से बाजारों में बढ़ी चहल-पहल

पिछले दो दिनों से शहर की स्थिति को देखते हुए कई ग्रामीण दुकानदार खरीदारी के लिए नहीं आ सके थे. सोमवार को स्थिति सामान्य होने के बाद बड़ी संख्या में लोग शहर पहुंचे. इसके कारण थोक मंडियों में भी भीड़ बढ़ गई और शहर के कई हिस्सों में जाम की समस्या उत्पन्न हो गई.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat kiran himanshu

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >