सारण में भ्रामक वीडियो बनाने वाले 3 यूट्यूबर गिरफ्तार, प्रशासन के खिलाफ वीडियो वायरल करने का आरोप

सारण जिले के परसा में प्रशासन के खिलाफ भ्रामक वीडियो प्रसारित करने के आरोप में तीन यूट्यूबरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Saran News : परसा में सोशल मीडिया पर भ्रामक और तथ्यहीन सामग्री प्रसारित करने वालों पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है. जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान प्रशासन के खिलाफ कथित तौर पर गलत वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में पुलिस ने तीन यूट्यूबरों को गिरफ्तार किया है.

जन्माष्टमी समारोह के बीच बनाया जा रहा था वीडियो

सारण जिले में सोशल मीडिया पर भ्रामक और तथ्यहीन खबरें प्रसारित करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. इसी कड़ी में परसा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन यूट्यूबरों को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, तीनों पर प्रशासन के खिलाफ गलत तरीके से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का आरोप है.

स्कूल परिसर में चल रहा था जन्माष्टमी महोत्सव

जानकारी के अनुसार, सोमवार को परसा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा था. इसी दौरान कुछ यूट्यूबर कथित तौर पर बिना पुष्टि के प्रशासन से संबंधित भ्रामक और गलत तरीके से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे थे.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

वीडियो प्रसारित किए जाने की सूचना मिलते ही परसा थानाध्यक्ष ओम प्रकाश ने कार्रवाई की. पुलिस ने मौके से तीनों यूट्यूबरों को हिरासत में ले लिया. इसके बाद उनसे पूछताछ की गई और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की गई.

तीनों गिरफ्तार आरोपितों की हुई पहचान

गिरफ्तार किए गए यूट्यूबरों की पहचान परसा थाना क्षेत्र के जमलकी गांव निवासी दुर्गा सिंह के पुत्र उपेन्द्र कुमार, योगेंद्र सिंह के पुत्र निखिल कुमार और भोला सिंह के पुत्र आदित्य कुमार के रूप में हुई है.

पूछताछ के बाद न्यायिक प्रक्रिया शुरू

पुलिस ने पूछताछ के बाद तीनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया. इसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है.

पहले ही हो चुकी थी सोशल मीडिया निगरानी पर बैठक

बताया जाता है कि गत एक सितंबर को जिलाधिकारी के निर्देश पर डीडीसी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई थी. बैठक में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पैनी नजर रखने और अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया था.

प्रशासन ने दिया साफ संदेश

प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर गलत सूचना, अफवाह या प्रशासन को बदनाम करने वाले वीडियो पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. आम लोगों से भी अपील की गई है कि किसी भी खबर या वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मोहम्मद युसूफ

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >