सारण के परसा में जन्मदिन मनाने जा रहे तीन युवक देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार, बाइक और केक भी बरामद

सरन जिले में एक बड़ी कार्रवाई हुई जहां पुलिस ने वाहन जांच के दौरान जन्मदिन मनाने जा रहे तीन युवकों को देशी कट्टे और केक के साथ गिरफ्तार किया। यह घटना अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Saran News: सारण जिले के परसा थाना क्षेत्र में वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जन्मदिन मनाने जा रहे तीन युवकों को एक देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने मौके से एक बाइक, एक देशी कट्टा, दो मोबाइल फोन तथा जन्मदिन के लिए ले जाया जा रहा केक बरामद किया. तीनों आरोपितों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

वाहन जांच के दौरान पुलिस को हुआ संदेह

जानकारी के अनुसार, परसा थाना क्षेत्र के पूरे छपरा नहर के समीप अपर थानाध्यक्ष दिलीप कुमार पुलिस बल के साथ वाहन जांच अभियान चला रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक पर सवार तीन युवकों को रुकने का इशारा किया गया. पुलिस को देखकर युवक घबरा गए, जिससे उन पर संदेह हुआ.

तलाशी में मिला देशी कट्टा, मोबाइल और केक

शक के आधार पर तीनों युवकों की तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान एक युवक की कमर से एक देशी कट्टा और दो मोबाइल फोन बरामद हुए. वहीं बाइक पर बैठे दूसरे युवक के पास जन्मदिन मनाने के लिए ले जाया जा रहा केक भी मिला. पूछताछ में युवकों ने पुलिस को बताया कि वे जन्मदिन समारोह में शामिल होने जा रहे थे.

तीनों आरोपित गिरफ्तार, बाइक भी जब्त

गिरफ्तार युवकों की पहचान परसा थाना क्षेत्र के पोखरपुर गांव निवासी राजकुमार सिंह के पुत्र अभिजीत कुमार सिंह, बिक्की सिंह के पुत्र दीपक कुमार तथा उपेंद्र सिंह के पुत्र नितिन कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने मौके से बाइक जब्त कर तीनों को हिरासत में ले लिया. इसके बाद उनके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर मंगलवार को छपरा व्यवहार न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

पुलिस ने कहा, टल सकती थी बड़ी घटना

परसा थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि जिले में एसएसपी के निर्देश पर लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई. उन्होंने कहा कि समय रहते अवैध हथियार बरामद होने से किसी संभावित बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया गया. पुलिस आगे भी अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ इसी तरह सघन जांच अभियान जारी रखेगी.

Also Read: बिहार विधानसभा में एक साथ 7 विधेयक पेश, TRE-4 भर्ती और पंचायतों में टैक्स वसूली पर सरकार ने क्या कहा?


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Md Yusuf

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >