जेपीयू में 22 जनवरी को होने वाली स्नातक पार्ट थर्ड विशेष परीक्षा की तिथि बदली

जयप्रकाश विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग ने स्नातक पार्ट थर्ड विशेष परीक्षा के अंतर्गत 22 जनवरी को आयोजित पहली व दूसरी पाली की परीक्षा को अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया है.

छपरा. जयप्रकाश विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग ने स्नातक पार्ट थर्ड विशेष परीक्षा के अंतर्गत 22 जनवरी को आयोजित पहली व दूसरी पाली की परीक्षा को अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया है. अब यह परीक्षा 25 जनवरी को पूर्व निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर ली जायेगी. परीक्षा के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है.

परीक्षा नियंत्रक डॉ अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि परीक्षा की तिथि में हुए बदलाव की जानकारी सभी कॉलेज के प्राचार्यों को दे दी गयी है. वहीं कॉलेजों के नोटिस बोर्ड तथा विश्वविद्यालय के वेबसाइट पर भी सूचना प्रकाशित कर दी गयी है. उन्होंने बताया कि यह परीक्षा 17 जनवरी से शुरू है. मुख्य विषयों की परीक्षा 17 से 31 जनवरी तक निर्धारित है. जिसमें 22 जनवरी की परीक्षा को स्थगित किया गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 जनवरी को सीवान में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम निर्धारित है. ऐसे में कई जगहों पर प्रोटोकॉल के तहत आवागमन बाधित रहेगा. ऐसे में छात्र-छात्राओं को निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र में पहुंचने में दिक्कत आ सकती है. जिसे ध्यान में रखते हुए ही परीक्षा विभाग ने यह निर्णय लिया है. 22 जनवरी को छोड़कर शेष अन्य दिन शेड्यूल के अनुसार परीक्षा ली जायेगी. उसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है. विदित हो की 22 जनवरी को विशेष परीक्षा के अंतर्गत पहली पाली में ग्रुप सी में राजनीति विज्ञान, जूलॉजी, बॉटनी, गृह विज्ञान तथा कॉमर्स का छठ पेपर आयोजित था. जबकि दूसरी पाली में ग्रुप डी के अंतर्गत मनोविज्ञान, केमिस्ट्री, भौतिकी, भूगोल तथा इंडस्ट्रियल फिश एंड फिशरीज का छठ पेपर होना था, लेकिन अब यह परीक्षा 25 जनवरी को होगी.

पहले दिन ग्रुप ए व बी के विषयों की हुई परीक्षा

स्नातक पार्ट थर्ड की विशेष परीक्षा 17 जनवरी से जिले के चार केंद्रों पर प्रारंभ हो गयी. परीक्षा के पहले दिन ग्रुप ए में अर्थशास्त्र, सोशियोलॉजी, अंग्रेजी, उर्दू, गणित तथा ग्रामीण अर्थशास्त्र के पांचवें पेपर की परीक्षा हुई. जबकि दूसरी पाली मंभ ग्रुप बी में शामिल इतिहास, ए आइएच एंड सी, संस्कृत, हिंदी, दर्शनशास्त्र, संगीत, भोजपुरी तथा सोशल वेलफेयर का पांचवा पेपर आयोजित हुआ. परीक्षा नियंत्रक डॉ अशोक कुमार मिश्रा ने शहर के राजेंद्र कॉलेज, जयप्रकाश महिला कॉलेज, जगदम कॉलेज आदि केंद्रों का निरीक्षण किया. उन्होंने बताया कि सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा ली जा रही है. परीक्षा अवधि में भी छात्रों को 22 जनवरी को निर्धारित परीक्षा को स्थगित किये जाने की जानकारी दी गयी. वहीं नयी तिथि की सूचना भी जारी कर दी गयी है. 19 जनवरी को पहली पाली में ग्रुप सी में शामिल राजनीति विज्ञान, जूलॉजी, बॉटनी, गृह विज्ञान तथा कॉमर्स के पांचवे पेपर तथा दूसरी पाली में ग्रुप डी में शामिल मनोविज्ञान, केमिस्ट्री, भूगोल, भौतिकी तथा इंडस्ट्रियल फिश एंड फिशरी के पांचवें पेपर की परीक्षा ली जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Alok kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >