Saran News : सारण जिले के बनियापुर प्रखंड में पोखर में नहाने के दौरान डूबने से एक 11 वर्षीय किशोर की मौत हो गई. घटना गोवा पिपरपाती पंचायत के वार्ड संख्या-6 स्थित शेखपुरा गांव की है. हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.
दोस्तों के साथ नहाने गया था किशोर
मृतक की पहचान शेखपुरा गांव निवासी भीम महतो के 11 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार के रूप में हुई है. बताया जाता है कि रविवार दोपहर बाद वह अपने दोस्तों के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित पोखर में नहाने गया था. इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा.
ग्रामीणों ने बाहर निकाला, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद चंदन कुमार को पोखर से बाहर निकाला. ग्रामीणों ने अपने स्तर पर उसके पेट से पानी निकालने का प्रयास किया, लेकिन वह पूरी तरह निष्क्रिय था. इसके बाद उसे तत्काल रेफरल अस्पताल, बनियापुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
घटना की सूचना मिलने पर सहाजितपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया.
पीड़ित परिवार को मिलेगी सरकारी सहायता
स्थानीय पैक्स अध्यक्ष राजीव कुमार ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई और घटना की सूचना अंचलाधिकारी को दी. अंचलाधिकारी दीनानाथ कुमार ने बताया कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद सरकारी प्रावधान के अनुसार पीड़ित परिवार को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी.
परिवार में मचा कोहराम
किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. माता-पिता, भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है. चंदन कुमार दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था तथा परिवार का सबसे दुलारा सदस्य था.
आर्थिक रूप से कमजोर है परिवार
ग्रामीणों के अनुसार मृतक का परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है. उसके पिता मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करते हैं. इस हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है और स्थानीय लोग भी घटना से गहरे मर्माहत हैं.
