सारण: शिक्षक समस्याओं पर गरजा राजकीयकृत प्राथमिक शिक्षक संघ, आंदोलन और कार्यशाला का ऐलान

बिहार राजकीयकृत प्राथमिक शिक्षक संघ ने शिक्षक हितों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की. बैठक में टीईटी अनिवार्यता खत्म करने और पुरानी पेंशन बहाली पर जोर दिया गया. साथ ही, विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन की रणनीति भी तय की गई.

Saran News : बिहार राजकीयकृत प्राथमिक शिक्षक संघ की सामान्य कार्यकारिणी की बैठक शहर के रामजयपाल कॉलेज परिसर स्थित लक्ष्मीनारायण यादव अध्ययन केंद्र के सभागार में प्रदेश अध्यक्ष उदयशंकर गुड्डू की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक में शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए.

टीईटी अनिवार्यता खत्म करने और पुरानी पेंशन बहाली पर जोर

बैठक में संगठन के कार्यों की समीक्षा की गई. वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए टीईटी उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग को लेकर सांसदों एवं विधायकों को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया. इसके अलावा पुरानी पेंशन बहाली के समर्थन में नवंबर के प्रथम सप्ताह में कार्यशाला आयोजित करने तथा संगठन की मुख पत्रिका "शिक्षा-प्रहरी" के प्रकाशन की तैयारी पर भी सहमति बनी.

31 जुलाई के कन्वेंशन और 10 अगस्त के धरने को सफल बनाने का आह्वान

बैठक में जिला अंतर्गत प्रखंड इकाइयों के पुनर्गठन पर भी चर्चा हुई. आगामी 31 जुलाई को प्रस्तावित शिक्षक-कर्मचारी संयुक्त कन्वेंशन तथा 10 अगस्त को स्थानीय एवं राज्यस्तरीय शिक्षक समस्याओं को लेकर होने वाले धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने का निर्णय लिया गया. साथ ही सभी श्रेणी के शिक्षकों के लंबित वेतन, एरियर भुगतान एवं अन्य मांगों को लेकर संबंधित अधिकारियों से मिलने की रणनीति भी तय की गई.

शिक्षक समस्याओं के समाधान के लिए सक्रियता पर बल

प्रदेश अध्यक्ष उदयशंकर गुड्डू ने कहा कि संगठन के सभी पदाधिकारियों को पारित प्रस्तावों के अनुरूप पूरी सक्रियता के साथ कार्य करना होगा, ताकि शिक्षक समस्याओं का चरणबद्ध समाधान सुनिश्चित कराया जा सके. मुख्य संरक्षक एवं श्रमिक नेता डॉ. राजेंद्र सिंह ने नवंबर के प्रथम सप्ताह में प्रस्तावित कार्यशाला के माध्यम से शिक्षकों को संगठन के प्रति और अधिक प्रतिबद्ध बनाने पर जोर दिया.

बड़ी संख्या में शिक्षक और पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक का संचालन महासचिव तसौवर हुसैन ने किया. इस अवसर पर राज्य संघ के वरीय उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष सह जिलाध्यक्ष डॉ. राजेश यादव, कैलाश पंडित, प्रमंडलीय अध्यक्ष उमेश प्रसाद यादव, प्रधान जिला सचिव संजय सिंह, उपाध्यक्ष गौतम सिंह, अजय यादव, ब्रजेश सिंह, संजीव श्रीवास्तव, मिंटू प्रसाद, ओमप्रकाश सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी सह जिला सचिव अमित प्रकाश सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amit kumar

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >