Saran News : तरैया में शनिवार की शाम बेखौफ अपराधियों ने दरवाजे पर बैठी एक महिला पर ताबड़तोड़ चार गोलियां चला दीं. गोली लगने से गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतका की पहचान तरैया निवासी 55 वर्षीय नीलम देवी के रूप में हुई है. वह रामबाग स्थित श्री रेस्टोरेंट ढाबा के संचालक दीपक सिंह की मां थीं.
दरवाजे पर बैठी थीं नीलम देवी, अचानक बाइक से पहुंचे अपराधी
जानकारी के अनुसार, शनिवार की शाम नीलम देवी अपने घर के दरवाजे पर बैठी थीं. इसी दौरान बाइक सवार अपराधी वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ चार फायर कर दिये. गोली लगते ही नीलम देवी गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर गयीं. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी बाइक से फरार हो गये.
गोलीबारी की घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गयी. परिजन और स्थानीय लोगों ने खून से लथपथ नीलम देवी को तत्काल इलाज के लिए तरैया रेफरल अस्पताल पहुंचाया.
गंभीर हालत में छपरा से पीएमसीएच किया गया रेफर
तरैया रेफरल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने नीलम देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया. सदर अस्पताल में इलाज के बाद डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए उन्हें पटना पीएमसीएच रेफर किया.
परिजन उन्हें पटना लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही नीलम देवी ने दम तोड़ दिया. इसके बाद परिजन शव को वापस सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. देर रात सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाये साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ मढ़ौरा-2 संजय कुमार सुधांशु और तरैया थानाध्यक्ष सत्यम प्रताप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की. देर रात करीब नौ बजे फोरेंसिक जांच टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और वहां से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किये.
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की स्थिति का जायजा लेने के साथ घटना से जुड़े संभावित साक्ष्यों को सुरक्षित किया है. अपराधियों तक पहुंचने के लिए पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है.
बिजली गुल रहने से सीसीटीवी फुटेज में अंधेरा
अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस रविवार की सुबह से घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी रही. एसडीपीओ और थानाध्यक्ष ने आसपास की दुकानों और घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की.
बताया जाता है कि घटना के समय काफी देर तक बिजली गुल थी. इसके कारण इलाके में अंधेरा पसरा हुआ था. अंधेरा होने की वजह से कई सीसीटीवी कैमरों में घटना से जुड़ी फुटेज स्पष्ट नहीं दिख रही है. हालांकि पुलिस उपलब्ध फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है. समाचार लिखे जाने तक अपराधियों की पहचान नहीं हो सकी थी.
सगुनी घाट पर हुआ नीलम देवी का अंतिम संस्कार
नीलम देवी का अंतिम संस्कार रविवार को गंडक नदी के तट स्थित सगुनी घाट पर किया गया. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, इस वारदात के बाद इलाके के लोगों में भी आक्रोश और चर्चा का माहौल है.
दरवाजे पर बैठी महिला को बाइक सवार अपराधियों द्वारा चार गोलियां मारकर हत्या किये जाने से कई सवाल खड़े हो गये हैं. आखिर अपराधियों ने नीलम देवी को ही निशाना क्यों बनाया और इस वारदात के पीछे क्या वजह थी, पुलिस इसकी जांच कर रही है. पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने के साथ अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी कर रही है.
