Saran Sawan First Somwari : सारण जिले के तरैया प्रखंड में सावन की पहली सोमवारी पर शिवभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला. प्रखंड के प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं. बड़ी संख्या में शिवभक्त 16 किलोमीटर दूर मथुरा धाम से गंगाजल लेकर पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की.
पहली सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी आस्था
सावन की पहली सोमवारी पर तरैया बाजार स्थित प्रसिद्ध विशाल श्री रामजानकी ठाकुरबाड़ी शिव मंदिर, रामबाग श्री संकट मोचन घंटी बाबा रामेश्वर धाम, शाहनेवाजपुर शिव मंदिर सहित प्रखंड के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. हर-हर महादेव और जय शिव के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा.
16 किलोमीटर दूर से गंगाजल लेकर पहुंचे श्रद्धालु
अहले सुबह से ही श्रद्धालु बाइक, साइकिल और पैदल पानापुर थाना क्षेत्र के गंडक नदी किनारे स्थित प्रसिद्ध तीर्थस्थल मथुरा धाम पहुंचे, जहां से उन्होंने पवित्र गंगाजल भरा. इसके बाद लगभग 16 किलोमीटर की यात्रा तय कर शिवालयों में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक किया.
फूलों से सजा मंदिर, विशेष हुआ भोलेनाथ का श्रृंगार
पहली सोमवारी को लेकर मंदिर परिसर और गर्भगृह को आकर्षक ढंग से फूलों से सजाया गया था. भगवान शिव का विशेष श्रृंगार किया गया. मंदिर के पुजारी मुन्ना बाबा, संतोष तिवारी, सुधांशु तिवारी और शशि रंजन तिवारी ने बताया कि सावन की पहली सोमवारी का विशेष धार्मिक महत्व होता है. इस वर्ष सावन की शुरुआत और समापन सर्वार्थ सिद्धि योग में होने से शिव पूजा का महत्व और अधिक बढ़ गया है.
गांव-गांव के शिवालयों में दिखी श्रद्धा
तरैया के अलावा शाहनेवाजपुर, पोखरेड़ा, गंडार, नंदनपुर, गवंद्री, डेवढ़ी, पचौड़र, भलुआ, शीतलपुर, उसरी सहित कई गांवों के शिव मंदिरों में भी हजारों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया. महिलाओं, युवतियों और युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ पूजा-अर्चना में भाग लिया.
वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हुआ रुद्राभिषेक
पहली सोमवारी पर तरैया के दवा व्यवसायी गोलू सिंह ने अपनी पत्नी के साथ सुबह तीन बजे भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक कराया. पुजारी सुधांशु तिवारी सहित अन्य आचार्यों और पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच कई घंटे तक रुद्राभिषेक का अनुष्ठान चलता रहा.
Also Read : बारिश के बीच शिवभक्ति में डूबा छपरा, पहली सोमवारी पर मंदिरों में उमड़ा आस्था का जनसैलाब
