Saran Police Attack: तरैया थाना क्षेत्र के संग्रामपुर गांव में पैसे के लेन-देन को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया. घटना में महिला पुलिसकर्मी समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गये. घायलों का इलाज तरैया रेफरल अस्पताल में कराया गया.
पैसे के लेन-देन को लेकर हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, संग्रामपुर गांव निवासी संतोष साह और वीरेंद्र राय के बीच पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गयी.
मारपीट की सूचना मिलने के बाद तरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया.
समझाने के दौरान पुलिस पर किया हमला
पुलिस के समझाने के बाद दोनों पक्षों से कुछ लोग आक्रोशित हो गये और उपद्रव करते हुए पुलिस टीम पर हमला कर दिया. इस दौरान महिला पुलिसकर्मी समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गये.
घटना के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को इलाज के लिए तरैया रेफरल अस्पताल पहुंचाया.
दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ
तरैया थानाध्यक्ष सत्यम प्रताप ने बताया कि मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी. पुलिस द्वारा दोनों पक्षों को समझाने के दौरान कुछ आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया, जिसमें महिला पुलिसकर्मी समेत छह कर्मी घायल हुए हैं.
उन्होंने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
पुलिसकर्मियों का रेफरल अस्पताल में हुआ इलाज
घायल पुलिसकर्मियों किरण कुमारी, चुनचुन कुमार, प्रवीण कुमार समेत अन्य कर्मियों का इलाज तरैया रेफरल अस्पताल में कराया गया.
वहीं, संग्रामपुर गांव में दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में घायल संतोष साह की पत्नी बिंदु देवी, जमुना राय की पत्नी मुकेश्वरी देवी तथा वीरेंद्र राय के पुत्र नितेश कुमार और विकास कुमार का भी रेफरल अस्पताल में उपचार कराया गया.
पुलिस का कहना है कि मामले में दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
इसे भी पढ़ें: सारण: शादी के 6 महीने बाद ऐसा क्या हुआ? पहले चेन्नई में पति की मौत, फिर बंद कमरे में मिली पत्नी की लाश!
