सारण : बारिश होते ही तरैया बाजार की सड़कें बनीं तालाब, दुकानों-घरों में घुस रहा पानी, SH-73 भी जलमग्न

Taraiya Market Waterlogging : तरैया बाजार में बारिश होते ही मुख्य सड़कों पर जलजमाव की पुरानी समस्या फिर उभर आई है. करीब एक फीट तक पानी जमा होने से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. नाले की सफाई के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है.

Taraiya Market Waterlogging : सारण के तरैया बाजार में करीब एक सप्ताह बाद हुई बारिश ने एक बार फिर जलजमाव की पुरानी समस्या को सामने ला दिया है. मुख्य सड़कों पर करीब एक फीट तक पानी जमा होने से राहगीरों, स्कूली बच्चों और दुकानदारों की परेशानी बढ़ गई है. कई जगह सड़क किनारे कचरा जमा होने से स्थिति और खराब हो गई है. वहीं, पानी की स्थायी निकासी नहीं होने से बाजारवासियों में नाराजगी है.

बारिश होते ही फिर जलमग्न हुआ SH-73

तरैया-मढ़ौरा मुख्य सड़क SH-73 पर गंडक नहर पुल के पास से अवधिया टोला तक करीब 500 गज हिस्से में बारिश का पानी जमा है. इस हिस्से में करीब एक फीट पानी लगा हुआ है. सड़क के दोनों किनारों पर कचरा जमा होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है.

जलजमाव के बीच गुजरने को मजबूर लोग

बड़े वाहनों से दुकानों और घरों में घुस रहा पानी

सड़क पर जलजमाव के बीच तेज गति से बड़े वाहनों के गुजरने पर पानी आसपास की दुकानों और घरों में प्रवेश कर रहा है. इससे स्थानीय दुकानदारों और मकान मालिकों को काफी परेशानी हो रही है. जलजमाव के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है.

नाले की निकासी खोलने के बाद भी समस्या बरकरार

जलजमाव वाले हिस्से से पानी निकालने के लिए पथ निर्माण विभाग ने तरैया पोस्ट ऑफिस चौक के पास बंद नाले की निकासी खोलने की कोशिश की. इसके बावजूद गंडक नहर पुल से अवधिया टोला तक मुख्य सड़क पर पानी जमा रहने की समस्या जस की तस बनी हुई है.

स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी

मुख्य सड़क पर पानी जमा रहने से पैदल और साइकिल से आने-जाने वाले स्कूली बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार, इस हिस्से में जमा पानी की निकासी का एकमात्र रास्ता नहर की ओर है. हालांकि, गंडक नहर में गंदा पानी गिराने का विरोध किया जाता है, जिससे समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है.

SH-104 पर भी जल निकासी का रास्ता नहीं

तरैया-अमनौर मुख्य सड़क SH-104 पर भी बाजार क्षेत्र में करीब 500 गज तक बारिश का पानी जमा है. स्थानीय लोगों के अनुसार, इस सड़क से पानी की निकासी के लिए कोई उचित रास्ता नहीं है. इससे सड़क किनारे कारोबार करने वाले दुकानदारों के व्यवसाय पर भी असर पड़ रहा है.

सड़क पर जलजमाव के बीच जाते लोग

थाना चौक के पास भी जमा है पानी

तरैया बाजार में थाना जाने वाले चौक के पास भी बारिश का पानी जमा है. मुख्य बाजार में कई जगह जलजमाव होने से लोगों को रोजमर्रा के काम के लिए आने-जाने में परेशानी हो रही है.

जल्द बनेगा नया नाला: विधायक

बिहार विधानसभा याचिका समिति के सभापति सह तरैया विधायक जनक सिंह ने कहा कि तरैया बाजार में जल्द ही नए नाले का निर्माण कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि बाजार में जलजमाव की समस्या को सदन में प्रमुखता से उठाया गया था और सरकार की ओर से जल्द नाला निर्माण की स्वीकृति का आश्वासन मिला है.

कई बाजारों से जलजमाव खत्म करने का दावा

विधायक जनक सिंह ने कहा कि तरैया बाजार के साथ गवन्द्री, भटौरा, पचौड़र बाजार और पानापुर बाजार में भी जलजमाव की समस्या को जल्द खत्म किया जाएगा. नाला निर्माण के बाद बारिश के पानी की निकासी की समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद जताई गई है.

Also Read : छपरा सदर अस्पताल में पहली बार 65 वर्षीय मरीज का निःशुल्क हिप रिप्लेसमेंट, बाइपोलर हेमीआर्थ्रोप्लास्टी से सफल सर्जरी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >