तरैया थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में विवाहिता की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित ससुर को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपित की पहचान नारायणपुर गांव निवासी धुपलाल महतो उर्फ धुपलाल प्रसाद के रूप में हुई है. पुलिस ने गुरुवार को पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया. वहीं, मामले में नामजद अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
दहेज के लिए हत्या का लगाया आरोप
इस मामले में मृतका ललक कुमारी की मां और दरियापुर थाना क्षेत्र के सिकंदरा गांव निवासी दसई महतो की पत्नी मुन्नी देवी ने तरैया थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. आवेदन में उन्होंने अपनी पुत्री की हत्या का आरोप उसके ससुराल पक्ष के लोगों पर लगाया है.
प्राथमिकी के अनुसार, ललक कुमारी की शादी नारायणपुर गांव निवासी धुपलाल महतो के पुत्र संजय महतो के साथ हुई थी. दंपती की करीब एक साल की पुत्री भी है. मृतका के पति संजय महतो बाहर रहकर काम करते हैं.
ससुर और दो गोतनी पर हत्या का आरोप
मृतका की मां ने आरोप लगाया है कि 24 अगस्त की रात ससुर धुपलाल महतो और दो गोतनी ने मिलकर दहेज की मांग को लेकर उनकी पुत्री की हत्या कर दी. घटना की जानकारी मिलने के बाद मायके के लोग नारायणपुर गांव पहुंचे. वहां ललक कुमारी का शव घर के अंदर पलंग पर पड़ा मिला. परिजनों के अनुसार, घटना के बाद घर के अन्य सदस्य फरार थे.
इसके बाद परिजनों ने तरैया थाने की पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी. इसी क्रम में पुलिस ने नामजद आरोपित ससुर धुपलाल महतो को गिरफ्तार कर लिया. गुरुवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
पुलिस अब मामले में नामजद अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: "हिरासत" के दावों पर मचा बवाल! जानिए पटना BPSC प्रदर्शन में छाए 6 साल के आदित्य की पूरी कहानी
