Bhanu Pratap Singh Death: तरैया थाना क्षेत्र के हरखपुरा गांव में 31 जुलाई को हुई मारपीट की घटना में घायल भानु प्रताप सिंह उर्फ चुना सिंह की मौत के मामले में तरैया थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. मृतक के छोटे भाई चंदन सिंह के बयान पर माधोपुर बड़ा गांव के छह लोगों समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
दर्ज प्राथमिकी में चंदन सिंह ने बताया है कि उनके बड़े भाई चुना सिंह ने मोबाइल फोन पर सूचना दी थी कि मामूली बाइक की टक्कर को लेकर हुए विवाद में कुछ लोग उनके साथ मारपीट कर रहे हैं. सूचना मिलने के बाद जब वह घटनास्थल पर पहुंचे, तो कुछ लोगों को वहां से भागते हुए देखा. उनके भाई चुना सिंह गंभीर रूप से घायल अवस्था में जमीन पर पड़े थे और उनके सिर से रक्तस्राव हो रहा था.
आनन-फानन में घायल चुना सिंह को रेफरल अस्पताल तरैया ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया. छपरा सदर अस्पताल से भी उन्हें पटना रेफर किया गया. पटना में करीब 10 दिनों तक उनका इलाज चला, जहां वह जिंदगी और मौत से जूझते रहे. आखिरकार 10 अगस्त की सुबह उनकी मौत हो गयी.
एक नामजद आरोपित गिरफ्तार
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपित माधोपुर बड़ा गांव निवासी सुभाष राय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. तरैया थाना की प्रभारी थानाध्यक्ष दिव्या कुमारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम नामजद फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. जल्द ही सभी नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
शव पहुंचते ही मचा कोहराम
मृतक चुना सिंह का शव सोमवार की शाम हरखपुरा गांव स्थित उनके पैतृक आवास पहुंचते ही कोहराम मच गया. परिजनों को सांत्वना देते हुए ग्रामीणों के सहयोग से शव का अंतिम संस्कार सोमवार की रात ही गंडक नदी के तट पर कर दिया गया.
मृतक की पत्नी, पुत्र, पुत्री और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है.
