सारण: तरैया प्रखंड क्षेत्र में बिजली विभाग ने बकाया बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है. इसी क्रम में तरैया विद्युत पावर सब स्टेशन के कनीय अभियंता पंकज कुमार के नेतृत्व में अभियान चलाकर पांच बकायेदारों का बिजली कनेक्शन काटा गया और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
बिजली विभाग की टीम ने विभिन्न गांवों में पहुंचकर बकाया राशि की जांच की. इस दौरान लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं पर कार्रवाई की गई.
पांच उपभोक्ताओं पर लगाया गया जुर्माना
कार्रवाई के दौरान पोखरेड़ा गांव निवासी शिवपति देवी पर 33,504 रुपये, शंकर मांझी पर 33,426 रुपये, लौंवा गांव निवासी रामनरेश सिंह पर 16,299 रुपये, अंधरबाड़ी निवासी अब्दुल सदाकत अंसारी पर 7,441 रुपये और अब्दुल मुर्तुजा अंसारी पर 16,193 रुपये का जुर्माना लगाया गया है.
इन सभी उपभोक्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
बकाया जमा नहीं करने पर होगी कार्रवाई
तरैया विद्युत पावर सब स्टेशन के जेई पंकज कुमार ने बताया कि बिजली विभाग की ओर से बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे जल्द से जल्द बकाया बिजली बिल जमा कर दें.
उन्होंने कहा कि समय पर बकाया राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं से बकाया राशि के साथ जुर्माना राशि भी वसूल की जाएगी. बिजली चोरी और बकाया रखने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा.
