Sonpur Greenfield Airport: सारण जिले के सोनपुर में ग्रीनफील्ड हवाई एयरपोर्ट के लिए 4228 एकड़ जमीन को चिह्नित किया जा चुका है. 1302 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है. अगर सब कुछ प्लान के मुताबिक हुआ तो आने वाले समय में सोनपुर को एक आधुनिक हवाई अड्डे की सौगात मिलने वाली है.
क्या होती है ग्रीनफील्ड हवाई अड्डों की खासियत
यह हवाई अड्डा पूरी तरह नई और खाली जमीन पर बनाया जाएगा. यानी जहां पहले कोई एयरपोर्ट या पुरानी इमारत नहीं थी. ऐसे हवाई अड्डे को ही ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट कहा जाता है. इसमें रनवे, टर्मिनल भवन, कंट्रोल टावर, पार्किंग और सुरक्षा से जुड़ी सभी सुविधाएं बिल्कुल शुरुआत से तैयार की जाती हैं.
ग्रीनफील्ड हवाई अड्डों की सबसे बड़ी खासियत यह होती है कि इन्हें आधुनिक तकनीक और पर्यावरण को ध्यान में रखकर डिजाइन किया जाता है. सोनपुर में बनने वाले इस एयरपोर्ट में भी यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और समय की बचत को प्राथमिकता दी जाएगी. इससे न केवल हवाई यात्रा आसान होगी, बल्कि आसपास के इलाकों को देश के बड़े शहरों से जोड़ने में भी मदद मिलेगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
प्रशासनिक मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा
इस हवाई अड्डे के बनने से सोनपुर और पूरे सारण जिले को कई तरह के फायदे होंगे. सबसे बड़ा फायदा रोजगार का होगा. एयरपोर्ट के निर्माण से लेकर उसके संचालन तक, स्थानीय लोगों को नौकरी के नए अवसर मिलेंगे. इसके अलावा पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा. सोनपुर मेला और आसपास के धार्मिक व ऐतिहासिक स्थल देश-विदेश के पर्यटकों के लिए और आसानी से पहुंच योग्य हो जाएंगे.
इस परियोजना को गति देने में सारण के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी की अहम भूमिका मानी जा रही है. वे लंबे समय से सोनपुर में हवाई अड्डा बनाने की मांग उठाते रहे हैं. अब जब जमीन तय हो चुकी है और सरकारी स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, तो इसे उनके प्रयासों की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है.
अधिकारियों का कहना है कि प्रशासनिक मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा. सोनपुर में बनने वाला यह ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा न केवल इलाके की तस्वीर बदलेगा, बल्कि आने वाले वर्षों में सारण जिले को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने में मदद करेगा. सोनपुर अब सचमुच एक नई उड़ान भरने को तैयार नजर आ रहा है.
इसे भी पढ़ें: बीपीएससी से होगी 44000 शिक्षकों की नियुक्ति, जल्द आएगा विज्ञापन, बिहार में शिक्षक भर्ती को हरी झंडी
खेल रहे थे बच्चे, मौत बनकर दीवार चीरते हुए कमरे में घुसी बस, गोपालगंज में कोहराम
