सोनपुर के कायाकल्प की तैयारी, CM सम्राट चौधरी की बैठक में 50 साल के विकास पर मंथन

सोनपुर के कायाकल्प की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में सांसद राजीव प्रताप रूडी ने 50 वर्षों के विकास की रूपरेखा प्रस्तुत की। ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट, बेहतर कनेक्टिविटी और बाबा हरिहरनाथ मंदिर कॉरिडोर जैसे प्रस्तावों पर मंथन हुआ।

Sonpur Development: सोनपुर आयोजना क्षेत्र को आधुनिक, नियोजित और एकीकृत आर्थिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने को लेकर सांसद राजीव प्रताप रूडी की पहल पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय अंतर-विभागीय बैठक हुई. करीब दो घंटे चली बैठक में सोनपुर के आगामी 50 वर्षों के विकास की रूपरेखा तैयार करने और विभिन्न विकास परियोजनाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर व्यापक मंथन किया गया.

बैठक में सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने सोनपुर के विकास से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का विस्तृत पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया. मुख्यमंत्री और सांसद ने सोनपुर को केवल पटना के विस्तार के रूप में विकसित करने के बजाय अपनी स्वतंत्र पहचान वाले आधुनिक शहरी, औद्योगिक, पर्यटन और परिवहन केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा की.

ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट से मजबूत होगी कनेक्टिविटी

बैठक में प्रस्तावित सोनपुर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट को सोनपुर के दीर्घकालिक विकास की महत्वपूर्ण परियोजना के रूप में चर्चा में रखा गया. एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी और इसके आसपास विकसित होने वाली आधारभूत संरचना को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तार से विचार-विमर्श किया गया.

जेपी सेतु, दीघा-सोनपुर पुल, शेरपुर-दिघवारा पुल और उत्तरी रिंग रोड को जोड़ने वाले मार्गों की चुनौतियों पर भी चर्चा हुई. दिघवारा-कोन्हवा, एनएच-722 और प्रस्तावित सैटेलाइट सिटी की सड़क कनेक्टिविटी के लिए समन्वित कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया.

एयरपोर्ट, सड़क, रेल और उद्योग को एक मास्टर प्लान से जोड़ने पर जोर

बैठक में सोनपुर के विकास से जुड़ी अलग-अलग परियोजनाओं को एक साझा मास्टर प्लान के तहत आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया. इसमें सड़क और रेल संपर्क के विस्तार के साथ पुल, उद्योग, पर्यटन, सैटेलाइट टाउनशिप और अन्य आधारभूत संरचनाओं को शामिल करने की योजना पर चर्चा हुई.

अधिकारियों से परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, आवश्यक स्वीकृतियों और विभिन्न विभागों के बीच आपसी निर्भरता की समीक्षा करने को कहा गया. साथ ही सभी महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया गया.

जल निकासी और बाढ़ प्रबंधन पर भी चर्चा

सोनपुर के दीर्घकालिक विकास में जल संसाधन और बाढ़ प्रबंधन को भी महत्वपूर्ण माना गया. बैठक में गंगा-अंबिका पथ, जल निकासी, बाढ़ प्रबंधन, गंगा के नेविगेशन चैनल, गंडक नहर, सिंचाई और जल संसाधन से जुड़ी परियोजनाओं पर चर्चा की गई.

अधिकारियों के साथ इस बात पर भी मंथन किया गया कि भविष्य में शहरी विस्तार के दौरान जल निकासी और बाढ़ जैसी चुनौतियों का स्थायी समाधान किस तरह सुनिश्चित किया जा सकता है.

बाबा हरिहरनाथ मंदिर कॉरिडोर से बढ़ेगा पर्यटन

सोनपुर के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए बाबा हरिहरनाथ मंदिर कॉरिडोर को पर्यटन एवं सांस्कृतिक विकास से जोड़ने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई. मंदिर और आसपास के क्षेत्र को बेहतर सुविधाओं से जोड़कर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रस्ताव पर मंथन किया गया.

वहीं प्रस्तावित सैटेलाइट टाउनशिप को सुनियोजित शहरी विस्तार के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई. इसके लिए सड़क, जल निकासी, परिवहन और अन्य मूलभूत सुविधाओं को पहले से नियोजित करने पर जोर दिया गया.

वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया परियोजनाओं का जायजा

बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार सहित नागरिक विमानन, पर्यटन, पथ निर्माण, जल संसाधन, आपदा प्रबंधन समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

अधिकारियों से सोनपुर क्षेत्र से जुड़ी परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई. आवश्यक स्वीकृतियों, विभागीय समन्वय और परियोजनाओं की आपसी निर्भरता की समीक्षा करते हुए समयबद्ध तरीके से आगे की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया.

Also Read: फुलवरिया की गलियों में साइकिल चलाते दिखे तेज प्रताप, गाय का दूध दुहा और निकाला गन्ने का जूस, पिता लालू को लेकर कही दिल की बात


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nadim ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >