छपरा में 93 वर्षीय पिता की अंतिम इच्छा पूरी कर बेटे ने कराया नेत्रदान, सारण में तीसरी बार हुआ ऐसा मानवीय प्रयास

छपरा में संजीव चौधरी ने अपने 93 वर्षीय पिता की मृत्यु के बाद नेत्रदान कर मानवता की मिसाल पेश की। जानें इस प्रेरणादायक पहल के बारे में पूरी जानकारी।

Saran News : छपरा शहर के प्रतिष्ठित सामाजिक कार्यकर्ता एवं दधीचि देहदान समिति, छपरा के जिला अध्यक्ष संजीव चौधरी ने अपने 93 वर्षीय पिता की अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए उनकी मृत्यु के बाद नेत्रदान कराया. सारण जिले में इसे तीसरा नेत्रदान बताया गया है. इस पहल के जरिए उन्होंने समाज को संदेश दिया कि मृत्यु के बाद भी किसी जरूरतमंद के जीवन में रोशनी लाई जा सकती है.

पिता की अंतिम इच्छा को बेटे ने दिया सम्मान

संजीव चौधरी ने अपने पिता की इच्छा के अनुसार उनका नेत्रदान करवाकर मानवता की मिसाल पेश की. उन्होंने कहा कि नेत्रदान के जरिए किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में उजाला लाया जा सकता है. उनके इस फैसले की दधीचि देहदान समिति ने भी सराहना की है.

लंबे समय से नेत्रदान के लिए चला रहे जागरूकता अभियान

संजीव चौधरी लंबे समय से नेत्रदान और अंगदान के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने के साथ अंधविश्वास को दूर करने के लिए काम कर रहे हैं. अपने पिता का नेत्रदान करवाकर उन्होंने इस अभियान को और मजबूती प्रदान की है.

आईजीआईएमएस की मेडिकल टीम ने पूरी की प्रक्रिया

नेत्रदान की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा कराने के लिए आईजीआईएमएस पटना के नेत्र विभाग एवं नेत्र अधिकोष की मेडिकल टीम समय पर पहुंची. टीम ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी की. इस सहयोग के लिए दधीचि देहदान समिति की ओर से मेडिकल टीम के प्रति आभार जताया गया.

समाज के लोगों से आगे आने की अपील

समिति के सचिव प्रणव सिंह ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को नेत्रदान एवं अंगदान जैसे मानवीय अभियान से जुड़कर लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज में मानवता और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं.

मृत्यु के बाद भी किसी के जीवन में लाया जा सकता है उजाला

दधीचि देहदान समिति के संयुक्त सचिव शैलेन्द्र पुरी ने कहा कि मृत्यु के बाद भी अमर रहने और किसी के अंधेरे जीवन में उजाला लाने के लिए समाज के लोगों को आगे आना होगा. नेत्रदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है.

कई लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम के अवसर पर सतीश कुमार, अनिरुद्ध सिंह, राजन मिश्रा, अंकित कुमार, सक्षम चौधरी, हंसिता एवं आनंदिता सहित अन्य लोग मौजूद रहे. दधीचि देहदान समिति, छपरा ने संजीव चौधरी और उनके परिवार के इस साहसिक एवं मानवीय निर्णय की सराहना करते हुए समाज के लोगों से नेत्रदान एवं अंगदान के लिए आगे आने की अपील की.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रभात किरण हिमांशु

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >