सारण में सावन से पहले बदहाल शिवालयों के रास्ते, जलजमाव और कचरे से श्रद्धालुओं की बढ़ी चिंता

सावन का पवित्र महीना जल्द ही शुरू होने वाला है, लेकिन सारण के कई प्रमुख शिवालयों तक जाने वाले रास्ते अभी भी बदहाल हैं. जलजमाव, कीचड़ और कचरे के ढेर श्रद्धालुओं के लिए बड़ी परेशानी का सबब बन रहे हैं. जानिए इस समस्या का पूरा विवरण.

Saran News: अगले सप्ताह से सावन का पवित्र महीना शुरू होने वाला है, लेकिन छपरा शहर के कई प्रमुख शिवालयों तक जाने वाले रास्तों की स्थिति अभी भी बदहाल बनी हुई है. कई स्थानों पर जलजमाव, कीचड़ और कचरे के ढेर के कारण श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो सावन में श्रद्धालुओं की मुश्किलें और बढ़ जाएंगी.

प्रमुख शिवालयों के रास्तों पर जलजमाव और कीचड़

शहर के ऐतिहासिक उमानाथ मंदिर के सामने कचरे का ढेर लगा हुआ है, जबकि मंदिर तक जाने वाले मार्ग पर कई स्थानों पर जलजमाव बना हुआ है. धर्मनाथ मंदिर जाने वाले भगवान बाजार मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य चल रहा है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है.

वहीं मौना-साढ़ा रोड स्थित शिवालय के आसपास कई दिनों से जलजमाव है. इस मार्ग पर खनुआ नाला निर्माण कार्य के कारण पिछले डेढ़ वर्ष से जलनिकासी की समस्या बनी हुई है. कटहरी बाग, सरकारी बाजार, गुदरी सहित कई इलाकों में प्रमुख शिव मंदिरों तक जाने वाले रास्ते जर्जर या कीचड़ से भरे हुए हैं.

सालभर बनी रहती है यह समस्या

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या केवल बरसात या सावन तक सीमित नहीं है. सफाई व्यवस्था में अनियमितता के कारण वर्षभर मंदिरों तक पहुंचने में लोगों को दिक्कत होती है. प्रमुख पर्व-त्योहारों के दौरान भी श्रद्धालुओं को कचरे और गंदगी के बीच होकर मंदिर जाना पड़ता है.

शहर के 45 वार्डों में करीब एक हजार छोटे-बड़े मंदिर हैं. इनमें से आधे से अधिक मंदिरों तक जाने वाले मार्गों की हालत फिलहाल खराब बताई जा रही है.

मंदिरों के आसपास डंप हो रहा कचरा

दहियावां स्थित प्राचीन दधीचि आश्रम के सामने बड़ी मात्रा में कचरा फेंका जा रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां नियमित रूप से कचरे का उठाव नहीं होता. वहीं धर्मनाथ मंदिर के पीछे वाली सड़क पर भी कचरा डंप कर उसमें आग लगा दी जाती है, जिससे आने-जाने वाले लोगों को परेशानी होती है.

साढ़ा, मोहननगर, तेलपा और गुदरी समेत कई इलाकों के मंदिरों के आसपास भी कचरा जमा होने की शिकायतें सामने आई हैं.

नगर निगम ने दिए बेहतर व्यवस्था के संकेत

इस संबंध में नगर निगम की डिप्टी मेयर रागिनी देवी ने बताया कि सावन शुरू होने से पहले शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है. प्रमुख मार्गों की सफाई कराई जा रही है और मंदिरों तक जाने वाले जलजमाव वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर जलनिकासी की व्यवस्था की जा रही है. उन्होंने कहा कि नियमित कचरा उठाव सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.

इसे भी पढ़ें: Patna Student Protest : पटना में पुलिस ने छात्रों पर किया लाठीचार्ज, प्रदर्शन में IG की एस्कॉर्ट गाड़ी पर हमला, शीशे तोड़े


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat kiran himanshu

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >