सारण में 10 मिनट की बारिश में डूबीं शहर की सड़कें, जलजमाव और कीचड़ से बढ़ी लोगों की परेशानी

Saran Weather: छपरा में शनिवार को महज 10 मिनट की बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी. मेवालाल चौक, नगर पालिका चौक, मौना, मोहन नगर और नेहरू चौक समेत कई इलाकों में जलजमाव व कीचड़ से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

Saran Weather: शनिवार को सुबह से ही तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया. सुबह करीब सात बजे से ही कड़ी धूप निकल गई थी और दोपहर तक गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई. हालांकि दोपहर करीब दो बजे लगभग 10 मिनट तक हुई मूसलाधार बारिश ने लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर दिलाई, लेकिन इसी बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की भी पोल खोल दी.

कई प्रमुख सड़कों पर जलजमाव, लोगों की बढ़ी परेशानी

बारिश के बाद शहर के मेवालाल चौक से नगर पालिका चौक तक जाने वाली अधिकांश सड़कों पर पानी भर गया. जगह-जगह कीचड़ फैलने से लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

मौना पंचायत भवन रोड पर जलजमाव के कारण ई-रिक्शा और बाइक चालकों को परेशानी हुई. कटहरी बाग चौक, मोहन नगर, नेहरू चौक रोड, गुदरी, ब्रह्मपुर और सरकारी बाजार जैसे इलाकों में भी सड़कें पानी और कीचड़ से भर गईं, जिससे लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया.

गांधी चौक पर निकासी व्यवस्था फिर हुई फेल

गांधी चौक में डबल डेकर सड़क निर्माण का कार्य होने के बावजूद जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से हल्की बारिश में ही चौक के बीच पानी जमा हो गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के समय यह समस्या हर वर्ष सामने आती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है.

नाला निर्माण ने बढ़ाई मुश्किलें

शहर के कई इलाकों में इन दिनों नाला निर्माण कार्य चल रहा है. मौना नीम से पंचायत भवन रोड तक सड़क किनारे खुदाई के बाद मिट्टी छोड़ दी गई है. हल्की बारिश के बाद यही मिट्टी कीचड़ में बदल गई, जिससे लोगों का चलना मुश्किल हो गया.

मौना मेवालाल चौक, मौना पंचायत रोड और दलदली बाजार जैसे क्षेत्रों में भी निर्माण कार्य जारी है. इन मार्गों से कई निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राएं गुजरते हैं. कीचड़ और फिसलन के कारण बच्चों के गिरकर घायल होने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं.

तापमान में आई गिरावट, लेकिन उमस से राहत नहीं

शनिवार सुबह करीब 10 बजे अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था. दोपहर बाद हुई बारिश के बाद तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और शाम तक आसमान में बादल छाए रहे. इसके बावजूद वातावरण में उमस बढ़ गई, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल सकी.

मौसम में लगातार बदलाव से बढ़ रहे वायरल मरीज

लगातार बदलते मौसम का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई दे रहा है. कभी तेज धूप तो कभी बादल और हल्की बारिश के कारण वायरल संक्रमण के मरीज बढ़ रहे हैं. अस्पतालों में पिछले तीन-चार दिनों के दौरान सर्दी, खांसी, बुखार और पेट दर्द से पीड़ित मरीजों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Prabhat kiran himanshu

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >