सारण: 9वीं बिहार राज्य कराटे चैंपियनशिप में सारण का जलवा, खिलाड़ियों ने जीते 3 स्वर्ण पदक

पटना सिटी में आयोजित 9वीं बिहार राज्य कराटे चैंपियनशिप-2026 में सारण जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 3 स्वर्ण पदक सहित कई पदक जीते हैं. सुहानी कुमारी ने दोहरा स्वर्ण हासिल कर जिले का नाम रोशन किया.

सारण: पटना सिटी के अरोरा हाउस कैंपस, हाजीगंज में 18 और 19 जुलाई को आयोजित 9वीं बिहार राज्य कराटे चैंपियनशिप-2026 में सारण जिला कराटे महासंघ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है. प्रतियोगिता में सारण के खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण पदक सहित कई पदक अपने नाम किए.

सुहानी ने दो स्पर्धाओं में जीता स्वर्ण

सब जूनियर (10-11 वर्ष) गर्ल्स अंडर-30 किलोग्राम वर्ग में सारण की सुहानी कुमारी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुमिते (फाइटिंग) और काता दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर दोहरा खिताब हासिल किया.

वहीं गर्ल्स कैडेट 47 किलोग्राम वर्ग में नंदनी ने काता में स्वर्ण पदक और कुमिते में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.

कई खिलाड़ियों ने जीते रजत और कांस्य पदक

सब जूनियर बॉयज (8-9 वर्ष) अंडर-20 किलोग्राम वर्ग में अयांश ने रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया.

इसके अलावा अमृता राज, उत्कर्ष, लकी कुमार, खुशबू कुमारी और अंकुश कुमार ने अलग-अलग भार वर्गों में रजत पदक हासिल किए.

वहीं आशीष कुमार, मिनतोष कुमार, हर्ष राज, सौम्या श्री, अदिति कुमारी और अनंत सौंदर्य ने कांस्य पदक अपने नाम किए.

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन की उम्मीद

सारण के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के आधार पर कई पदक विजेता खिलाड़ियों के राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप के लिए चयन की संभावना जताई जा रही है.

प्रतियोगिता में सारण टीम की ओर से ऑफिशियल के रूप में अनिल कार्की, रौनक कुमार और प्रिया कुमारी मौजूद रहे. वहीं टीम का मार्गदर्शन कोच विशाल कुमार ने किया.

खिलाड़ियों की सफलता पर जताई खुशी

सारण के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने खुशी जताई. लोगों ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, कोच और अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

Also Read: बिहार विधानसभा में एक साथ 7 विधेयक पेश, TRE-4 भर्ती और पंचायतों में टैक्स वसूली पर सरकार ने क्या कहा?


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Chandrashekhar Saran

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >