सारण में मानसून बना किसानों के लिए वरदान, तेज हुई धान रोपनी, खेतों में लौटी रौनक

पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश ने परसा क्षेत्र के किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी है. लंबे इंतजार के बाद अब धान रोपनी का कार्य तेज गति से चल रहा है, जिससे बेहतर उत्पादन की उम्मीद जगी है.

पिछले चार-पांच दिनों से मानसून के सक्रिय होने के बाद परसा क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश ने किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी है. लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसान अब हाथों में कुदाल और धान का बिचड़ा लेकर खेतों की ओर निकल पड़े हैं. क्षेत्र के अधिकांश गांवों में धान रोपनी का कार्य तेज गति से चल रहा है.

बारिश नहीं होने से बढ़ गई थी किसानों की चिंता

स्थानीय किसानों ने बताया कि पिछले एक महीने से पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण धान की खेती प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई थी. खेतों में नमी की कमी के कारण रोपनी का कार्य रुका हुआ था. हालांकि, मानसून सक्रिय होने और लगातार वर्षा से खेतों में पर्याप्त पानी भर गया है, जिससे रोपनी के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं.

किसानों को बेहतर उत्पादन की उम्मीद

मो. यूनुस, मीर हसन, पुलिस राय, राजेश सिंह, अशोक सिंह, देवेंद्र सिंह, लालबहादुर राय, मो. युसुफ, अमित कुमार, संजय राय, अज़मुल्लाह, रहमुदिन, अफराज आलम और शिवजी सिंह सहित कई किसानों ने बताया कि अच्छी बारिश से खेती के कार्यों में तेजी आई है. उनका कहना है कि समय पर वर्षा होने से इस बार धान की अच्छी पैदावार की उम्मीद बढ़ गई है.

रोपनी में जुटीं महिलाएं, मजदूरों की मांग भी बढ़ी

किसानों ने बताया कि सुबह से शाम तक खेतों में धान रोपनी का काम चल रहा है. महिलाएं भी रोपनी कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं. कई गांवों में खेतिहर मजदूरों की मांग बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं.

कृषि विशेषज्ञों ने जताई अच्छी फसल की संभावना

कृषि विशेषज्ञों के अनुसार जुलाई महीने की यह बारिश धान की खेती के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. यदि आने वाले दिनों में भी संतुलित वर्षा होती रही तो धान उत्पादन में बढ़ोतरी की संभावना है. किसानों ने सरकार से समय पर खाद, बीज और सिंचाई से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि खेती का कार्य बिना किसी बाधा के जारी रह सके. लगातार बारिश से परसा क्षेत्र के खेतों में हरियाली लौट आई है और किसान बेहतर फसल की उम्मीद के साथ पूरी मेहनत से धान रोपनी में जुटे हैं.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >