Saran News: (सारण से विकास कुमार की रिपोर्ट)
जिले के रसूलपुर थाना क्षेत्र में वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. थाना गेट के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को अवैध देसी कट्टा, बाइक और मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया. आरोपी पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन जवानों ने उसे दबोच लिया.
वाहन जांच के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ा युवक
रसूलपुर थाना गेट के मुख्य मार्ग पर पुलिस द्वारा विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर बाइक घुमाकर भागने लगा. पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा कर पकड़ लिया.
तलाशी में बरामद हुआ अवैध देसी कट्टा
पकड़े गए युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध और खाली देसी कट्टा बरामद किया गया. इसके साथ ही पुलिस ने उसकी बाइक और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया
सिवान जिले का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार युवक की पहचान सिवान जिले के दारौंदा थाना क्षेत्र के बगौरा गांव निवासी बिनोद राम के पुत्र शुभम कुमार के रूप में हुई है. पुलिस पूछताछ में आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका.
आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी
रसूलपुर थानाध्यक्ष प्रिंस राज ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. आवश्यक चिकित्सीय जांच के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
हथियार के इस्तेमाल को लेकर जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी अवैध हथियार कहां से लाया था और इसका इस्तेमाल किस आपराधिक घटना में किया जाना था. मामले को लेकर आसपास के क्षेत्रों में भी पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है.
क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था हुई और कड़ी
घटना के बाद रसूलपुर थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार वाहन जांच और विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे.
