Saran News: (छपरा से विकास कुमार की रिपोर्ट)
बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार पटना के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सारण द्वारा किन्नर समाज (थर्ड जेंडर) के लोगों के लिए सितारा योजना के अंतर्गत एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनीत कुमार गर्ग एवं सचिव राजीव कुमार के निर्देश पर जागरूकता समिति के तत्वावधान में प्राधिकार के सभागार में आयोजित हुआ.
सरकारी सुविधाओं और अधिकारों की दी गई जानकारी
शिविर को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव राजीव कुमार ने थर्ड जेंडर समुदाय को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं उनके अधिकारों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि यदि किन्नर समाज के लोगों को सामाजिक, आर्थिक, प्रशासनिक अथवा कानूनी किसी भी प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ता है, तो उसका समाधान नालसा की सितारा योजना के माध्यम से किया जाएगा.
विधिक विशेषज्ञों ने दी कानूनी जानकारी
कार्यक्रम में प्राधिकार के मुख्य एलएडीसी पूर्णेन्द्र रंजन, सहायक एलएडीसी अरमान अशरफी, पैनल अधिवक्ता दुर्गेश प्रकाश बिहारी, सुनीता कुमारी, रिटेनर अधिवक्ता हरिओम बिहारी एवं खुशबू कुमारी ने भी उपस्थित लोगों को सितारा योजना तथा विभिन्न कानूनी अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की.
सम्मान और वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित थर्ड जेंडर समुदाय के सदस्यों को शॉल देकर सम्मानित किया गया. साथ ही उनके द्वारा वृक्षारोपण भी कराया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा सके. जागरूकता शिविर में शामिल हसीना किन्नर, मुस्कान किन्नर सहित अन्य लोगों ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना की. उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से थर्ड जेंडर समुदाय को अपने अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलती है, जिससे वे समाज की मुख्यधारा से और अधिक मजबूती से जुड़ सकते हैं.
Also Read: सारण में अधिवक्ताओं की बड़ी मांग, पेंशन और कैशलेस इलाज की राशि बढ़ाने की डिमांड
