परसा (सारण) से मोहम्मद यूसुफ की रिपोर्ट
Saran News : परसा थाना क्षेत्र के चकसहबाज गांव में गुरुवार की देर रात एक शिक्षा सेवाकर्मी के घर पर फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई. घटना रात करीब दो बजे की बताई जा रही है.पीड़ित शिक्षा सेवाकर्मी ने परसा थाना में आवेदन देकर गांव के ही तीन लोगों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है.पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है.प्राप्त जानकारी के अनुसार, चकसहबाज गांव निवासी एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय चकसहबाज बालक में कार्यरत शिक्षा सेवाकर्मी मो. कौशर अली गुरुवार की रात अपने घर की छत पर सो रहे थे. इसी दौरान रात करीब दो बजे अचानक शोर-शराबे और चिल्लाने की आवाज सुनकर उनकी नींद खुल गई.उन्होंने देखा कि एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति उनके घर के समीप खड़े होकर गाली-गलौज कर रहे थे. पीड़ित के अनुसार, दोनों व्यक्ति जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए लगातार अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे. विरोध करने से पहले ही आरोपितों ने हथियार निकालकर फायरिंग शुरू कर दी.
तीन नामजद आरोपितों पर केस
अचानक हुई गोलीबारी से घर में सो रहे सभी सदस्य सहम गए और पूरे परिवार में अफरा-तफरी मच गई. घटना के बाद मो. कौशर अली ने तत्काल डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच-पड़ताल की.इसके बाद मामले की जानकारी परसा थाना को दी गई। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष ओम प्रकाश पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की.पीड़ित द्वारा थाना में दिए गए आवेदन में चकसहबाज गांव निवासी शिव कुमार लालबहादुर कुमार, कयामुद्दीन मिया उर्फ दशाई मिया का पुत्र इशरत अली तथा मोहम्मद मोसाहेब का पिंटू अली को नामजद किया गया है.आवेदन में तीनों पर घटना में संलिप्त होने का आरोप लगाया गया है.मो. कौशर अली ने पुलिस को बताया है कि उन्हें आशंका है कि आरोपित दोबारा भी इस प्रकार की घटना को अंजाम दे सकते हैं अथवा उन्हें और उनके परिवार को नुकसान पहुंचा सकते हैं. उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा प्रदान करने तथा आरोपितों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
दो खोखा बरामद
थानाध्यक्ष ओम प्रकाश ने बताया कि शिक्षक के आवेदन के आधार पर तीन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया गया.बरामद खोखों को जब्त कर जांच के लिए भेजा जा रहा है.उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा घटना में शामिल लोगों की गिरफ्तारी और उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.
Also Read : जेपीयू नामांकन: छपरा, सीवान और गोपालगंज से उमड़े आवेदन, 40 हजार पार पहुंचने की संभावना
