Saran News: सोनपुर से अभय सिंह की रिपोर्ट
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पूर्व मध्य रेलवे के सोनपुर रेल मंडल ने “एक पेड़ माँ के नाम” पहल के तहत व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. मंडल के विभिन्न रेलवे परिसरों, स्टेशनों और कॉलोनियों में बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया गया. इस अभियान में रेल अधिकारियों, कर्मचारियों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली.
सोनपुर रेल मंडल में चला व्यापक वृक्षारोपण अभियान
विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर सोनपुर रेल मंडल द्वारा हरित विकास और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया. अभियान के तहत मंडल के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर बड़ी संख्या में पौधे लगाए गए. वृक्षारोपण अभियान के दौरान सोनपुर मंडल के विभिन्न स्टेशन परिसरों, रेलवे कॉलोनियों, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, प्रशिक्षण केंद्रों, कोचिंग डिपो, फ्रेट डिपो और डेमू शेड सहित कई अन्य स्थानों पर पौधारोपण किया गया.
हरित आवरण बढ़ाने और पर्यावरण संतुलन पर जोर
अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक पौधे लगाकर हरित आवरण को बढ़ाना और पर्यावरण संतुलन बनाए रखना है. इसके साथ ही रेलकर्मियों और आम लोगों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण तैयार करने पर भी विशेष जोर दिया गया. इस विशेष अभियान में रेल अधिकारियों, कर्मचारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली. सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया.
पौधों की देखभाल का भी लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान केवल पौधे ही नहीं लगाए गए, बल्कि उपस्थित लोगों को इन पौधों के संरक्षण और देखभाल की जिम्मेदारी लेने का संदेश भी दिया गया. अधिकारियों ने कहा कि पौधे लगाना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी उनकी नियमित देखभाल करना भी है.
“एक पेड़ माँ के नाम” को जन-आंदोलन बनाने की अपील
सोनपुर रेल मंडल प्रशासन ने रेल उपभोक्ताओं और आम नागरिकों से अपील की कि वे वृक्षारोपण को जन-आंदोलन का रूप दें. लोगों से अपनी मां के नाम पर कम से कम एक पौधा लगाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ व सुरक्षित पर्यावरण बनाने में योगदान देने की अपील की गई.
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम
रेल प्रशासन का कहना है कि यह अभियान सतत विकास और हरित भविष्य की अवधारणा को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा. पर्यावरण संरक्षण को लेकर रेलवे लगातार जागरूकता अभियान भी चलाता रहेगा.
Also Read: दिघवारा का 90 साल पुराना खुरचन दुकान भी है खास, देश-विदेश तक लोग करते हैं ऑर्डर
