Saran News: सारण जिले में अतिक्रमण हटाओ अभियान के लिए मेगा प्लान तैयार कर लिया गया है. हाई कोर्ट, राज्य सरकार और जिलाधिकारी के आदेश पर पहले से ही लगातार कार्रवाई चल रही है. इस बार यह मेगा प्लान सभी अनुमंडल पदाधिकारी ने अपने-अपने क्षेत्र के लिए तैयार किया है. 15 मई से यह अभियान शुरू होगा और 19 चौक चौराहो और बाजारों से अतिक्रमण हटाया जाएगा. यह अभियान 6 जून तक चलेगा.
बार-बार अतिक्रमण पर अब होगी कड़ी कार्रवाई
छपरा सदर अनुमण्डल अन्तर्गत मुख्य मार्गो से हटाये गये अतिक्रमण को पुनः फुटपाती दुकानदारों द्वारा पथ के किनारे अस्थायी संरचना बनाकर अपनी दूकान बनकर लगाये जा रहे है. इससे पथ की चौड़ाई संर्कीण होने के कारण यातायात के साथ-साथ आमजनों को आने-जाने में काफी कठिनाईयों की सामना करना पड़ रहा है. सड़क जनित दुर्घटना घटित होने की संभावना बनी रहती है. ऐसे में मेगा प्लान के तहत अब सम्पूर्ण सदर अनुमण्डल अन्तर्गत अभियान चलाकर पथ किनारे या उसके आर ओ डब्ल्यू फुटपाती दूकानदारों द्वारा किये गये अतिक्रमण को हटाया जाएगा. बार-बार अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी.
सभी अंचल अधिकारी को मिला टास्क
सभी अंचल अधिकारी, पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, थानाध्यक्ष को यह मिले टास्क
सदर एसडीएम ने सभी संबंधित अंचल अधिकारी को निदेश दिया है कि अतिक्रमण हटाने के लिए निर्धारित तिथियों के पूर्व संबंधित क्षेत्र की मापी या अतिक्रमण हटाने के लिए उसे चिन्हित कर लेंगे. साथ ही अतिक्रमण हटाने के दिन संबंधित क्षेत्र के अंचल अमीन या राजस्व कर्मचारी स्थल पर उपस्थित रहेगें ,ताकि अतिक्रमण हटाने के क्रम में कोई बाधा उत्पन्न न हो सके. कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल को कहा गया है कि अतिक्रमण हटाने के लिए निर्धारित तिथियों को अपने विभाग के कनीय अभियंता को स्थल पर उपस्थित रहने का आदेश जारी करें. सभी संबंधित थानाध्यक्ष को निदेश दिया गया है कि अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत पथ के किनारे एवं सरकारी जमीन पर किये गये अतिक्रमण को हटाने के कम में स्थल पर शांति एवं विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी को अपने-अपने थाना में उपलब्ध पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल के साथ अपेक्षित सहयोग प्रदान करेंगे.
अभियान के पहले होगी प्रचार प्रसार
संबंधित कार्यपालक पदाधिकारी याअंचल अधिकारी को निदेश दिया गया है कि पथ के किनारे एवं सरकारी जमीन पर किये गये अतिक्रमण को हटाने के लिए निर्धारित तिथियों के पूर्व संबंधित क्षेत्र में माईकिंग का कार्य कराते हुए अतिक्रमण हटाने के लिए स्थल पर सभी आवश्यक संसाधन की व्यवस्था, सम्पूर्ण कार्यवाही का विडियोग्राफी कार्य कराकर उसका सी०डी० सुरक्षित रखेगें .
किस तिथि को कहां पर कार्रवाई
15 मई को नगरा बाजार, 16 को खुदाई बाग बाजार, 18 को खैरा बाजार, 19 को गरखा बाजार, 20 को परसा बाजार, 21 को मकेर बाजार, 22 को जलालपुर बाजार , 23 को कोपा बाजार, 25 को बनियापुर पैगंबरपुर बाजार, 26 को जनता बाजार ,27 को एकमां चट्टी और ब्लॉक रोड, 29 को रसलपुर बाजार, 30 को माझी बाजार से नरपलिया चौक तक वही 1 जून को गोदना मोड़ से रिबेलगंज थाना तक, 2 जून को ईनई महावीर मंदिर से दादा साहब मजार निचला रोड, 3 जून को दादा साहब मजार निचला रोड से बूटी मोड़ तक, 4 जून को बूटी मोर से बहुरिया कोठी, 5 जून को बहुरिया कोठी से सोनार पट्टी अड्डा नंबर दो तक, 6 जून को सोनार पट्टी अड्डा नंबर 2 से साधु लाल पृथ्वी चंद हाई स्कूल तक अभियान चलेगा.
क्या बोले एसडीएम
जिलाधिकारी का सख्त आदेश है कि जिले के किसी भी चौक चौराहे पर अतिक्रमण नहीं रहना चाहिए. यातायात व्यवस्था में किसी तरह का व्यवधान व्यवस्था बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसे में पूरे अनुमंडल क्षेत्र के लिए मेगा प्लान तैयार किया गया है. 15 मई से शुरू हो जाएगा.
नितेश कुमार ,अनुमंडल पदाधिकारी, सदर
