Saran News: जमीनी विवाद को लेकर दो लोगों पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में महीनों से फरार चल रहे छह आरोपितों के घर पर सहाजितपुर पुलिस ने शुक्रवार को डुगडुगी बजाकर इश्तेहार चस्पा किया. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद आरोपितों में हड़कंप मचा हुआ है.
इन आरोपितों के घर चस्पा हुआ इश्तेहार
थानाध्यक्ष बिरजू कुमार ने बताया कि जिन आरोपितों के घर पर इश्तेहार चस्पा किया गया है, उनमें थाना क्षेत्र के पिपरा बिनटोली गांव निवासी अखिलेश कुमार, उपेंद्र राउत, सुरेंद्र राउत, देवनाथ राउत, अनिल राउत और अशोक राउत शामिल हैं. सभी आरोपित घटना के बाद से फरार चल रहे हैं.
हत्या की नीयत से दाब से हमला करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, गांव के ही रामजी राउत के फर्दबयान के आधार पर गत 25 मई को सहाजितपुर थाने में कांड संख्या 145/26 दर्ज की गयी थी. प्राथमिकी में हत्या की नीयत से दाब से हमला कर दो लोगों को गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया गया था.
मामला दर्ज होने के बाद से पुलिस लगातार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी. हालांकि, आरोपितों के फरार रहने के कारण अब न्यायालय के आदेश के आलोक में उनके घरों पर इश्तेहार चस्पा करने की कार्रवाई की गयी है.
आत्मसमर्पण नहीं किया तो होगी कुर्की
थानाध्यक्ष ने बताया कि इश्तेहार चस्पा होने के बाद निर्धारित अवधि के भीतर यदि आरोपित न्यायालय अथवा पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो न्यायालय के आदेश के आलोक में उनके विरुद्ध कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी है.
