5 किमी मैराथन में रुकसाना खातून और टाइगर ने मारी बाजी, सैकड़ों युवक-युवतियों ने लिया हिस्सा

सरन के परसा में आयोजित श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समारोह के तहत 5 किमी मैराथन दौड़ में महिला वर्ग से रुकसाना खातून और पुरुष वर्ग से टाइगर विजेता बने. सैकड़ों युवा धावकों ने जोश-खरोश से हिस्सा लिया. यह आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने का एक सराहनीय प्रयास रहा.

Marathon race in Saran : परसा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परसा परिसर में आयोजित श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समारोह के तीसरे दिन पूजा समिति की ओर से महिला एवं पुरुष वर्ग के लिए पांच किलोमीटर मैराथन दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गयी. इसमें बिहार के विभिन्न जिलों से पहुंचे सैकड़ों युवक-युवतियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ हिस्सा लिया. प्रतियोगिता के दौरान युवाओं का जोश और दमखम देखने को मिला.

खजौली चौक से शुरू हुई दौड़

मैराथन प्रतियोगिता का शुभारंभ परसा-खजौली चौक से हुआ. प्रतिभागियों ने निर्धारित मार्ग से अंजनी होते हुए उत्तर माध्यमिक विद्यालय परसा परिसर पहुंचकर दौड़ पूरी की. मैराथन को देखने के लिए रास्ते में जगह-जगह स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही. लोगों ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए उनका हौसला बढ़ाया.

रुकसाना और टाइगर बने विजेता

महिला वर्ग में रुकसाना खातून ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया, जबकि पुरुष वर्ग में टाइगर ने बाजी मारी. दोनों विजेताओं को पूजा समिति की ओर से साइकिल, शील्ड/कप, जर्सी और मेडल देकर सम्मानित किया गया. प्रतियोगिता में शामिल अन्य प्रतिभागियों को भी मेडल देकर सम्मानित किया गया.

सुरक्षा के लिए पुलिस और एंबुलेंस रही तैनात

मैराथन के दौरान प्रतिभागियों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया. पुलिस प्रशासन की टीम के साथ एंबुलेंस की दो गाड़ियां प्रतिभागियों के आगे और पीछे स्कॉर्ट करती रहीं. इसके चलते प्रतियोगिता शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हुई.

महिला और पुरुष वर्ग में ये रहे टॉप-10

महिला वर्ग के टॉप-10 प्रतिभागियों में रुकसाना खातून, गोपी कुमारी, काजल कुमारी, प्रियंका कुमारी, रागिनी कुमारी, आरती कुमारी, प्रियंका कुमारी, प्रियंका कुमारी, निकी कुमारी और नेहा कुमारी शामिल रहीं. वहीं पुरुष वर्ग के टॉप-10 प्रतिभागियों में टाइगर, नितीश कुमार रेड्डी, शत्रुघन कुमार, मोहम्मद मुशर्रफ, नितीश यादव, संजित कुमार, पवन यादव, नितीश कुमार, रितिक कुमार और अमन कुमार शामिल रहे.

विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित करते अतिथि

ग्रामीण प्रतिभाओं को मिला मंच

कार्यक्रम में पूजा समिति के अध्यक्ष शैलेन्द्र यादव, डॉ. संजय कुमार राय, विनय कुमार सिंह, निखिल भारती, अंकित कुमार, विकास यादव, तूफान कुमार, कोच साकेत कुमार, रोहित कुमार, चंदन कुमार, फैज आलम सहित समिति के अन्य सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे.

मैराथन प्रतियोगिता ने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समारोह में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया. पूजा समिति की इस पहल से युवाओं को खेल, स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा के प्रति प्रेरित करने का संदेश मिला. ग्रामीण क्षेत्र में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच देने और उन्हें प्रोत्साहित करने की दिशा में यह आयोजन सराहनीय पहल के रूप में सामने आया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मोहम्मद युसूफ

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >