Saran News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की तिलक प्रभात शाखा की ओर से रविवार को शहर के शिवशंकर पैलेस में गुरुदक्षिणा उत्सव का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मौना वानगंज, दालदली बाजार और मौना मुहल्ला क्षेत्र के स्वयंसेवकों ने भाग लिया. इस दौरान स्वयंसेवकों ने भगवा ध्वज का पूजन किया और गुरुदक्षिणा समर्पित की.
गुरु परंपरा के महत्व पर डाला प्रकाश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक एवं बजरंग दल के नेता राहुल मेहता ने भारतीय संस्कृति में गुरु परंपरा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि गुरु केवल ज्ञान देने वाला नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, कर्तव्यबोध, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा का आधार भी होता है.
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने भगवा ध्वज को अपना गुरु माना है, क्योंकि किसी व्यक्ति विशेष में कमियां हो सकती हैं, लेकिन भगवा ध्वज सदैव त्याग, समर्पण और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है.
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बना भक्तिमय माहौल
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने भगवा ध्वज के समक्ष श्रद्धा व्यक्त करते हुए गुरुदक्षिणा अर्पित की. इस अवसर पर मारुति करुणाकर ने एकल गीत प्रस्तुत किया, जबकि आनंद जी राय ने प्रार्थना वाचन किया.
बड़ी संख्या में स्वयंसेवक रहे उपस्थित
उत्सव में सुरेश प्रसाद श्रीवास्तव, रामेश्वर राय, जटी विश्वनाथ मिश्र, रजनीश सुधाकर, सत्यप्रकाश मिश्र उर्फ पीडी बाबा, डॉ. श्यामल कुमार मिश्र, प्रेमजीत चौरसिया, विकास मोदी, शिवांश, रोहित मिश्रा सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें: ड्राइवर ही निकला डेहरी EO का कातिल, IG विकास वैभव ने हत्याकांड का किया खुलासा
