Saran News : तरैया प्रखंड के पोखरेड़ा पंचायत में प्राथमिक कृषि साख समिति (पैक्स) का चुनाव 30 सितंबर 2026 को होगा. चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही पंचायत में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गयी है. वर्तमान पैक्स अध्यक्ष मनोज राय और पूर्व पैक्स अध्यक्ष संजय यादव समेत संभावित उम्मीदवार मतदाताओं से संपर्क साधने में जुट गये हैं.
16 और 18 सितंबर को होगा नामांकन
प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी विभु विवेक ने बताया कि बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार पोखरेड़ा पैक्स चुनाव के लिए 16 और 18 सितंबर को नामांकन पत्र दाखिल किये जायेंगे. नामांकन पत्रों की समीक्षा 19 और 21 सितंबर को होगी.
23 सितंबर को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होगी. इसी दिन उम्मीदवारों के बीच चुनाव चिह्न का आवंटन भी किया जायेगा.
30 सितंबर को होगा मतदान
पोखरेड़ा पैक्स अध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव के लिए 30 सितंबर को सुबह सात बजे से शाम 4:30 बजे तक मतदान कराया जायेगा. मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू होगी.
अध्यक्ष पद के लिए बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी
चुनाव की तारीख घोषित होने के बाद पोखरेड़ा पंचायत में अध्यक्ष पद को लेकर मुकाबला दिलचस्प होने लगा है. वर्तमान पैक्स अध्यक्ष मनोज राय और पूर्व अध्यक्ष संजय यादव लगातार मतदाताओं से संपर्क कर अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में लगे हैं. दोनों उम्मीदवार दिन-रात जनसंपर्क कर मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं.
वहीं, नामांकन में अभी समय होने के कारण पैक्स अध्यक्ष पद के लिए कई अन्य उम्मीदवारों के भी मैदान में उतरने की संभावना जतायी जा रही है. ऐसे में नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी तस्वीर और स्पष्ट होगी.
