Saran News : लहलादपुर प्रखंड क्षेत्र के पंडितपुर गांव स्थित पूर्व प्रमुख अरुण पांडेय के दलान पर भाजपा कार्यकर्ताओं की कार्यशाला आयोजित की गयी. इसकी अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अजय राय ने की. कार्यशाला में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर के बीच पार्टी की ओर से प्रस्तावित 13 कार्यक्रमों को पूरा करने को लेकर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया गया.
पीएम मोदी के जन्मदिन पर घर-घर दीप जलाने की अपील
कार्यशाला में वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर की शाम सात बजे घर-घर एक दीप जलाने का आह्वान किया. कार्यकर्ताओं से गांवों में स्थित मंदिरों में भी दीप जलाने की अपील की गयी. वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा और जनभागीदारी के रूप में मनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए.
श्रीढोंढ़नाथ मंदिर में जलेंगे 5 हजार दीप
कार्यशाला से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं और उपस्थित सदस्यों ने श्रीढोंढ़नाथ मंदिर में भगवान शिव की पूजा-अर्चना की. इस दौरान एमएलसी ई. सच्चिदानंद राय ने मंदिर के पुजारी सुनील मिश्र से 17 सितंबर की शाम मंदिर परिसर में पांच हजार दीप जलाने का आग्रह किया.
एमएलसी ने मंदिर में दीप जलाने में होने वाले खर्च का भुगतान करने का आश्वासन भी दिया. उन्होंने आयोजन को भव्य रूप देने के लिए आवश्यक तैयारियां करने की बात कही.
भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं को दिया मार्गदर्शन
कार्यशाला को भाजपा जिलाध्यक्ष उमेश तिवारी, प्रभारी अखिलेश्वर जी, जिला सचिव गुड्डू चौधरी, पं. संदीपाचार्य मधुकर और सुमित पांडेय समेत अन्य नेताओं ने संबोधित किया. नेताओं ने आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां निभाने और निर्धारित कार्यक्रमों को समय पर पूरा करने का आह्वान किया.
