सारण के 41 अनुसूचित जाति बहुल गांवों का होगा समग्र विकास, द्र सरकार खर्च करेगी 8.61 करोड़ रुपये

Saran PM Anusuchit Jati Abhyuday Yojana: प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत सारण जिले के 41 गांवों में विकास की तैयारियां शुरू हो गई हैं. जिलाधिकारी के निर्देश पर घर-घर सर्वे कार्य शुरू किया गया है, जिससे ग्राम विकास योजनाएं तैयार होंगी.

Saran PM Anusuchit Jati Abhyuday Yojana: सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत सारण जिले के 16 प्रखंडों के 41 अनुसूचित जाति बहुल गांवों में विकास की नई इबारत लिखने की तैयारी शुरू हो गई है. जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर सभी संबंधित प्रखंडों में अधिकारियों, कर्मियों एवं सर्वे टीमों की बैठक कर सर्वे कार्य शुरू करा दिया गया है. गठित टीमें चयनित गांवों में घर-घर पहुंचकर सामाजिक एवं आर्थिक सर्वेक्षण कर रही हैं. सर्वे रिपोर्ट के आधार पर ग्राम विकास योजना तैयार होगी, जिसके बाद केंद्र सरकार प्रत्येक चयनित गांव के विकास पर 21 लाख रुपये खर्च करेगी. इससे सारण जिले में करीब 8.61 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को गति मिलेगी.

डीएम के निर्देश पर सभी प्रखंडों में शुरू हुआ सर्वे

जिलाधिकारी के निर्देश के बाद सभी संबंधित प्रखंडों में सर्वे टीमों का गठन किया गया. टीमें प्रतिदिन चयनित गांवों में घर-घर जाकर परिवारों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति, उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं और विकास संबंधी जरूरतों का आकलन कर रही हैं. सर्वे पूरा होने के बाद ग्रामसभा के माध्यम से ग्राम विकास योजना तैयार की जाएगी, जिसे जिला स्तरीय समिति की स्वीकृति मिलने के बाद धरातल पर लागू किया जाएगा.

गांवों की जरूरत के अनुसार तैयार होगी विकास योजना

योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति बहुल गांवों में वर्षों से आधारभूत सुविधाओं की कमी को दूर कर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है. इस योजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि विकास कार्य किसी तय सूची के आधार पर नहीं, बल्कि सर्वे में सामने आने वाली वास्तविक जरूरतों के अनुसार तय किए जाएंगे. इससे योजनाएं स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप लागू होंगी और स्थायी विकास को बढ़ावा मिलेगा.

10 प्रमुख क्षेत्रों में होगा समग्र विकास

प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत चयनित गांवों में पेयजल एवं स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण, सामाजिक सुरक्षा, ग्रामीण सड़क, आवास, बिजली, स्वच्छ ईंधन, कृषि विकास, वित्तीय समावेशन, डिजिटल सेवाएं तथा आजीविका एवं कौशल विकास सहित 10 प्रमुख क्षेत्रों में विकास कार्य कराए जाएंगे. इसके तहत स्वच्छ पेयजल, शौचालय, विद्यालय एवं आंगनबाड़ी भवनों का सुदृढ़ीकरण, आंतरिक सड़क, सोलर स्ट्रीट लाइट, बिजली कनेक्शन, डिजिटल सेवा केंद्र, बैंकिंग सुविधा और सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित की जाएगी.

इन गांवों को मिलेगा योजना का लाभ

योजना का लाभ केवल उन गांवों को मिलेगा, जहां अनुसूचित जाति की आबादी 500 या उससे अधिक है अथवा कुल आबादी का कम से कम 40 प्रतिशत अनुसूचित जाति वर्ग से है. सर्वे रिपोर्ट के आधार पर गांवों की प्राथमिक आवश्यकताओं को चिन्हित कर विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की जाएगी.

नगरा के चंदनपुर गांव में घर-घर पहुंची सर्वे टीम

नगरा प्रखंड की कोरेया पंचायत के चंदनपुर गांव का भी इस योजना में चयन हुआ है. बीडीओ अनुभव कुमार ने प्रखंड कार्यालय में अधिकारियों एवं सर्वे टीम के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. इसके बाद गठित टीम गांव में घर-घर जाकर सर्वे कर रही है. ग्रामीणों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति, आधारभूत सुविधाओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि गांव की जरूरत के अनुरूप ग्राम विकास योजना तैयार की जा सके.

जिले के 16 प्रखंडों के 41 गांव हुए चयनित

सारण जिले के 16 प्रखंडों के कुल 41 गांव इस योजना में शामिल किए गए हैं. इनमें गड़खा और परसा के पांच-पांच गांव, जलालपुर के चार गांव, बनियापुर, दरियापुर, मशरक और तरैया के तीन-तीन गांव, अमनौर, छपरा सदर, एकमा, मांझी, रिविलगंज और सोनपुर के दो-दो गांव तथा मकेर, मढ़ौरा और नगरा के एक-एक गांव का चयन किया गया है.

नियमित मॉनिटरिंग से समय पर पूरे होंगे विकास कार्य

योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला स्तर पर नोडल पदाधिकारी, परियोजना क्रियान्वयन इकाई, सर्वेक्षण दल तथा जिला एवं ग्राम स्तरीय समितियों का गठन किया गया है. विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और समीक्षा की जाएगी, ताकि सभी योजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी की जा सकें.

क्या कहते हैं बीडीओ

अनुभव कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, नगरा ने कहा, "प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत नगरा प्रखंड के चयनित चंदनपुर गांव में सर्वे कार्य शुरू कर दिया गया है. गठित सर्वे टीम घर-घर जाकर ग्रामीणों से जानकारी एकत्र कर रही है. सर्वे रिपोर्ट के आधार पर ग्राम विकास योजना तैयार की जाएगी, ताकि गांव की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप विकास कार्य कराए जा सकें. सभी सर्वे टीमों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सर्वे सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है."

क्या कहते हैं मुखिया

ललित प्रसाद यादव उर्फ लाली राय, मुखिया, कोरेया पंचायत ने कहा, "चंदनपुर गांव का प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना में चयन पूरे पंचायत के लिए खुशी की बात है. इस योजना से सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा. पंचायत स्तर पर सर्वे टीम को पूरा सहयोग दिया जा रहा है, ताकि गांव को योजना का अधिकतम लाभ मिल सके."

इसे भी पढ़ें: सीवान: सांसद के लेटर पैड के दुरुपयोग के आरोप में डीईओ कार्यालय का लिपिक निलंबित, फर्जी हस्ताक्षर मामले की होगी जांच



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Md Ayub

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >