Saran News: मानव व्यापार, बाल श्रम, बंधुआ मजदूरी और शोषण जैसी सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन के उद्देश्य से शुक्रवार को मढ़ौरा स्थित सरस्वती विद्या निकेतन उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज परिसर में विशेष जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का आयोजन बिहार पुलिस अपराध अनुसंधान इकाई के तत्वावधान में किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
मानव व्यापार रोकने की दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम के दौरान पुलिस पदाधिकारी नरेश पासवान ने उपस्थित सभी लोगों को मानव व्यापार निरोध की शपथ दिलाई. सभी प्रतिभागियों ने समाज, देश और अपने कार्यक्षेत्र से मानव व्यापार, बाल श्रम, बंधुआ मजदूरी तथा अन्य शोषणकारी गतिविधियों को समाप्त करने का संकल्प लिया.
साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने और ऐसी अवैध गतिविधियों का समर्थन नहीं करने का भी संकल्प लिया गया.
युवाओं की सतर्कता को बताया सबसे जरूरी
इस अवसर पर मुख्य पार्षद रूबी सिंह, एसडीएम निधि राज, एसडीपीओ सविंदर कुमार दास तथा निवर्तमान एसडीपीओ नरेश पासवान मौजूद रहे.
अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि मानव व्यापार और बाल श्रम जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने में युवाओं और विद्यार्थियों की जागरूकता एवं सतर्कता सबसे महत्वपूर्ण है. उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस दिशा में सक्रिय सहयोग की अपील की.
अपराध मुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प
कार्यक्रम का संचालन कमजोर वर्ग अपराध अनुसंधान इकाई, छपरा के प्रभारी विशाल कुमार ने किया. अंत में अपराध मुक्त और शोषण मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया.
Also Read:बिहार में अब रात के 2 बजे भी नहीं रुकेगी बच्चों की पढ़ाई? नए डिजिटल लर्निंग ऐप से मिलेगा ये फायदा
